Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपाहादसा

अकलतरा में बड़ा हादसा टला: कपड़ा दुकान में धधकी भीषण आग, गश्ती पुलिस की सूझबूझ से बची 5 परिवारों के 14 लोगों की जान

अंबेडकर चौक स्थित सिसोदिया कॉम्प्लेक्स में देर रात 2:30 बजे भड़की आग; सीढ़ियों पर फैली लपटों के बीच बिजली विभाग की सीढ़ी लगाकर किया गया रेस्क्यू

जांजगीर-चांपा। अकलतरा थाना पुलिस की सजगता, त्वरित निर्णय और मानवीय संवेदनशीलता के चलते देर रात एक अत्यंत भयावह हादसा होने से टल गया। अंबेडकर चौक स्थित सिसोदिया कॉम्प्लेक्स में संचालित ‘नीरज कलेक्शंस’ कपड़ा दुकान में अचानक लगी भीषण आग की चपेट में आने से प्रथम तल पर फंसे 5 परिवारों के 14 सदस्यों को पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। होमगार्ड जांजगीर और जेएसडब्ल्यू प्लांट की दमकल टीमों ने करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया, जिससे आसपास की दर्जनों दुकानों में आग फैलने से बच गई।

गश्त के दौरान लपटें देख तत्काल हरकत में आई पुलिस टीम

रात करीब 2:30 बजे अकलतरा पुलिस का गश्ती दल जब अंबेडकर चौक के पास पहुंचा, तो दुकान से भीषण आग की लपटें और काला धुंआ निकलता दिखाई दिया। दुकान के ठीक ऊपर बने कमरों में परिवारों के रहने की जानकारी मिलते ही पुलिस ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। आग की लपटें ग्राउंड फ्लोर से पहली मंजिल तक जाने वाली सीढ़ियों तक पहुंच चुकी थीं, जिसके कारण अंदर फंसे लोगों का नीचे उतरना असंभव हो गया था।

बिजली विभाग की सीढ़ी बनी ढाल, 4 मासूमों और 4 महिलाओं समेत 14 को निकाला

रास्ता बंद होने पर पुलिस ने तुरंत विद्युत विभाग से समन्वय स्थापित कर बड़ी सीढ़ी मंगवाई। इसके बाद एक-एक कर खिड़की और बालकनी के रास्ते प्रथम तल पर निवासरत 4 बच्चों, 4 महिलाओं और 2 पुरुषों सहित कुल 14 लोगों को सुरक्षित नीचे उतारा गया। दुकान संचालक परितोष चक्रधारी की दुकान में आग संभवतः शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी। थाना प्रभारी निरीक्षक जय कुमार साहू, आरक्षक शैलेंद्र राठौर, पुलिस स्टाफ और अग्निशमन कर्मियों की इस जांबाजी की पूरे इलाके में सराहना हो रही है।

img 20260820 wa00237951651925342412131

Related Articles

Back to top button