दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, IYC अध्यक्ष उदय भानु चिब गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी पिछले सप्ताह भारत मंडपम में आयोजित ‘इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026’ के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन के मामले में की गई है।
क्या है पूरा मामला?
बीते 20 फरवरी को समिट के दौरान युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने ‘शर्टलेस’ होकर विरोध प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने अपनी टी-शर्ट पर प्रधानमंत्री के खिलाफ नारे लिखे थे और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का विरोध किया था। दिल्ली पुलिस का आरोप है कि उदय भानु चिब इस पूरे प्रदर्शन के मुख्य सूत्रधार थे और उन्होंने ही इसके लिए रसद (logistics) और योजना तैयार की थी। तिलक मार्ग थाने में लगभग 20 घंटे की लंबी पूछताछ के बाद पुलिस ने चिब को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है:धारा 61-2 , 121-1 और 132 विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य फैलाना (धारा 196)
राष्ट्रीय अखंडता के विरुद्ध कार्य (धारा 197) गिरफ्तारी के तुरंत बाद उन्हें दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने मामले की गहराई से जांच के लिए अदालत से उनकी 7 दिनों की रिमांड मांगी है। इस मामले में अब तक चिब समेत कुल 8 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है।
राजनीतिक गलियारों में हलचल
इस गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस आक्रामक मोड में है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पूर्व मुख्यमंत्रियों ने इसे केंद्र सरकार की “दमनकारी नीति” करार दिया है। कांग्रेस का कहना है कि शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन लोकतंत्र का हिस्सा है और सरकार विपक्ष की आवाज दबाने के लिए पुलिस का दुरुपयोग कर रही है।




