Chhattisgarh

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून को प्रदेशभर में सामूहिक योगाभ्यास, ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ थीम पर होंगे विशेष आयोजन

राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद और विधायक विभिन्न जिला मुख्यालयों में होंगे शामिल, पंचायत स्तर तक होंगे कार्यक्रम।

🔴 Aaj Ki Baat News | रायपुर

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को छत्तीसगढ़ में व्यापक स्तर पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रखी गई है। राज्य सरकार ने जिला मुख्यालयों से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं।

छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में आयोजित होने वाले सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रमों में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद और विधायक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। योग दिवस के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

रायपुर में राज्यपाल, सरगुजा में मुख्यमंत्री करेंगे योगाभ्यास

राजधानी रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि होंगे। वहीं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सरगुजा जिले में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर सामूहिक योगाभ्यास करेंगे। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल करेंगे।

विभिन्न जिलों में मंत्री करेंगे नेतृत्व

जारी आदेश के अनुसार केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू बिलासपुर, उपमुख्यमंत्री अरुण साव दुर्ग, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा कबीरधाम तथा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह राजनांदगांव में आयोजित कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि होंगे। इसी प्रकार मंत्री रामविचार नेताम कोरिया, दयालदास बघेल महासमुंद, केदार कश्यप सुकमा, लखन लाल देवांगन कांकेर, ओपी चौधरी जांजगीर-चांपा, टंकराम वर्मा सारंगढ़-बिलाईगढ़, लक्ष्मी राजवाड़े बलरामपुर-रामानुजगंज, राजेश अग्रवाल जशपुर, गुरु खुशवंत साहेब कोरबा तथा गजेन्द्र यादव बालोद जिले के कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

सांसद और विधायक भी होंगे मुख्य अतिथि

राज्य के विभिन्न जिलों में सांसदों और विधायकों को भी मुख्य अतिथि की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विजय बघेल, संतोष पांडेय, चिंतामणि महाराज, रूपकुमारी चौधरी, राधेश्याम राठिया, कमलेश जांगड़े, महेश कश्यप और भोजराज नाग अपने-अपने जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसके अलावा विधायक लता उसेंडी, ललित चंद्राकर, प्रणव कुमार मरपच्ची, पुन्नूलाल मोहले, अजय चंद्राकर, रेणुका सिंह, किरण सिंह देव और चैतराम अटामी को भी विभिन्न जिलों में योग दिवस कार्यक्रमों की जिम्मेदारी दी गई है।

योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर रहेगा जोर

राज्य शासन ने सभी जिला प्रशासनों को निर्देश दिए हैं कि योग दिवस के अवसर पर अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। जिला मुख्यालयों, विकासखंडों और ग्राम पंचायतों में सामूहिक योगाभ्यास के साथ योग के महत्व, स्वस्थ जीवनशैली और रोगों की रोकथाम में योग की भूमिका पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सरकार का उद्देश्य योग को जन-जन तक पहुंचाकर स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण को बढ़ावा देना है। इसी कड़ी में इस वर्ष के योग दिवस कार्यक्रमों को व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button