वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने पेश किया आर्थिक सर्वेक्षण, कृषि-उद्योग-सेवा क्षेत्र में मजबूत वृद्धि का दावा

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन, राज्य का बजट पेश किए जाने से एक दिन पूर्व 23 फरवरी को प्रदेश के वित्त मंत्री ने आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 प्रस्तुत की। सर्वेक्षण में राज्य की आर्थिक स्थिति और भविष्य की विकास संभावनाओं को लेकर सकारात्मक संकेत दिए गए हैं।
आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार वर्ष 2025-26 में छत्तीसगढ़ के सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) में 11.57 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान लगाया गया है। इस दौरान राज्य का जीएसडीपी 6.31 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
वित्त मंत्री ने बताया कि वर्ष 2024-25 में राज्य की अर्थव्यवस्था में 10.50 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई थी। इस दौरान कृषि क्षेत्र में 11.76 प्रतिशत, उद्योग क्षेत्र में 9.91 प्रतिशत तथा सेवा क्षेत्र में 10.08 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।
सरकारी योजनाओं के प्रभाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2025-26 में राज्य की प्रति व्यक्ति आय बढ़कर 1,79,244 रुपये होने का अनुमान है, जो वर्ष 2024-25 की तुलना में 10.07 प्रतिशत अधिक है।
आर्थिक सर्वेक्षण में वर्ष 2025-26 के लिए कृषि क्षेत्र में 12.53 प्रतिशत, उद्योग क्षेत्र में 10.26 प्रतिशत तथा सेवा क्षेत्र में 13.15 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान जताया गया है। वहीं, स्थिर भावों पर राज्य की समग्र आर्थिक वृद्धि दर 8.11 प्रतिशत रहने की संभावना व्यक्त की गई है।




