
भरोसा जीतकर घर पहुंचते थे आरोपी, फिर वारदात को देते थे अंजाम; रायपुर पुलिस ने किया बड़ा खुलासा
रायपुर। मैट्रिमोनियल वेबसाइट Jeevansathi.com के जरिए महिलाओं को निशाना बनाकर ठगी और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का रायपुर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन पर ऑनलाइन संपर्क कर महिलाओं का विश्वास जीतने और फिर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने का आरोप है।
खम्हारडीह क्षेत्र की एक महिला की शिकायत पर शुरू हुई जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी अभिनव सिंह ने मैट्रिमोनियल वेबसाइट के माध्यम से महिला से संपर्क किया था। बातचीत के दौरान उसने भरोसा कायम किया और जन्मदिन मनाने के बहाने महिला के घर पहुंचा। आरोप है कि उसने खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर महिला को अचेत कर दिया और घर में रखे सोने-चांदी के लाखों रुपये के जेवर लेकर फरार हो गया।
तकनीकी जांच से खुली परतें
मामले की जांच में खम्हारडीह थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने तकनीकी विश्लेषण एवं डिजिटल साक्ष्यों की मदद ली। जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी हितिन नरूला को उत्तराखंड के हरिद्वार से तथा मुख्य आरोपी अभिनव सिंह को दिल्ली के पहाड़गंज क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
4.21 लाख रुपये का सामान बरामद
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी मिलकर वारदात को अंजाम देते थे। घटना के दौरान एक आरोपी बाहर निगरानी करता था, जबकि दूसरा वारदात को अंजाम देता था। आरोपियों के कब्जे से 57 हजार रुपये नकद, करीब 2 तोला सोने के जेवर, चांदी का ब्रेसलेट, 5 मोबाइल फोन सहित लगभग 4.21 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया है।
100 महिलाओं से संपर्क करने की आशंका
जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी ने पिछले एक महीने में Jeevansathi.com के माध्यम से करीब 100 महिलाओं से संपर्क किया था। पुलिस अब विभिन्न राज्यों में उससे जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।
दोनों आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में अभिनव सिंह उर्फ पहलवान (37 वर्ष), मूल निवासी होशियारपुर (पंजाब) एवं वर्तमान निवासी छतरपुर (दिल्ली) तथा हितिन नरूला (48 वर्ष), निवासी लक्ष्मी नगर, पूर्वी दिल्ली शामिल हैं। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




