जांजगीर-चांपा: करनौद के पास अनियंत्रित होकर पलटी राजधानी बस; 16 यात्री घायल, 2 की हालत गंभीर

जांजगीर-चांपा 3 मई 2026 । जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र के अंतर्गत करनौद के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया है। जमनीपाली से सारंगढ़ की ओर जा रही ‘राजधानी’ बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे, जिनमें से लगभग 16 लोग घायल हुए हैं।
ग्रामीणों ने दिखाया साहस, शुरू किया रेस्क्यू
हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंच गए। पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने बस के भीतर फंसे यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया और राहत बचाव कार्य में जुट गए। ग्रामीणों की सक्रियता से घायलों को तुरंत मदद मिल सकी। घटना की सूचना मिलते ही बिर्रा पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
बम्हनीडीह अस्पताल में घायलों का इलाज जारी
पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 15 से 16 लोगों को चोटें आई हैं, जिनमें से 2 यात्रियों की हालत नाजुक बनी हुई है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर उपचार देने की कोशिश की जा रही है।
जांच में जुटी पुलिस
हादसा किन कारणों से हुआ, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। प्राथमिक तौर पर बस की तेज रफ़्तार या अनियंत्रित होना हादसे की वजह मानी जा रही है। बिर्रा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है। मौके पर बस को हटाने और यातायात बहाल करने की प्रक्रिया जारी है।




