19.75 टन कोयला गबन मामले में फरार कांटा बाबू गिरफ्तार, बलौदा पुलिस की बड़ी कार्रवाई

महावीर कोलवासरी में तौल में हेराफेरी कर करीब 1.20 लाख रुपये मूल्य के कोयले की कमी का मामला, डेढ़ वर्ष बाद आरोपी गिरफ्तार
🔴 आज की बात न्यूज | बलौदा
बलौदा थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे कांटा मशीन (वजन कांटा) के बाबू को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी पर कोयले की तौल में हेराफेरी कर 19.75 टन कोयले के गबन का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
तौल में गड़बड़ी से खुला था मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महावीर कोलवासरी में कार्यरत राजकुमार मिश्रा ने 28 दिसंबर 2024 को थाना बलौदा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि कुसमुंडा खदान से कोयला लेकर आए दो ट्रकों की तौल के दौरान अनियमितता की आशंका उत्पन्न हुई थी। ड्यूटी पर मौजूद गार्ड एवं कोल यार्ड सुपरवाइजर को वाहनों में कोयले की मात्रा कम दिखाई देने पर संदेह हुआ। जांच के दौरान पता चला कि नाइट शिफ्ट में तैनात ठेका कर्मचारी एवं कांटा बाबू ईश्वरी प्रसाद पटेल ने वास्तविक तौल किए बिना अन्य वाहनों का ग्रॉस वजन दर्ज कर कांटा पर्ची जारी कर दी थी।
दोबारा तौल में सामने आई 19.75 टन कोयले की कमी
वाहनों को अनलोडिंग के लिए कोल यार्ड भेजे जाने के बाद सुपरवाइजर को कोयले की मात्रा कम दिखाई दी। इस पर दोनों ट्रकों का दोबारा वजन कराया गया। पुनः तौल में एक ट्रक में 7.05 टन और दूसरे ट्रक में 12.70 टन कोयला कम पाया गया। इस प्रकार कुल 19.75 टन कोयले की कमी सामने आई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1.20 लाख रुपये आंकी गई।
BNS की धाराओं में दर्ज हुआ अपराध
मामले में थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 02/2025 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(4) एवं 3(5) के तहत विवेचना शुरू की गई थी। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
बलौदा पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी दौरान 15 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी ग्राम खोहा में मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी ईश्वरी प्रसाद पटेल (30 वर्ष), निवासी बस्तीपारा, ग्राम खोहा, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा, सहायक उपनिरीक्षक रामदुलार साहू, आरक्षक रज्जू रात्रे, संतोष रात्रे सहित थाना बलौदा के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




