जिला शतरंज चयन प्रतियोगिता संपन्न, प्रथम राठौर, इशिका साहू, वेदांश यादव और रिद्धिमा सिंह बने चैंपियन

सरस्वती शिशु मंदिर चांपा में आयोजित प्रतियोगिता में जांजगीर-चांपा और सक्ती के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए 12 खिलाड़ियों का चयन।
🔴 Aaj Ki Baat News |जांजगीर चांपा
जिला शतरंज संघ जांजगीर-चांपा द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर, चांपा में जिला शतरंज टीम चयन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जांजगीर-चांपा एवं सक्ती जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी रणनीतिक क्षमता, एकाग्रता और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य आगामी राज्य स्तरीय चयन शतरंज चैंपियनशिप के लिए जिला टीम का चयन करना था। पूरे आयोजन के दौरान कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले, जिन्होंने दर्शकों और अभिभावकों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सरस्वती शिशु मंदिर चांपा के प्राचार्य अश्वनी कश्यप उपस्थित रहे। वहीं अधीक्षण अभियंता अरुण गुप्ता एवं महेश मेडिकल के संचालक आशीष कश्यप विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शतरंज केवल खेल नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, एकाग्रता, धैर्य और बौद्धिक क्षमता को विकसित करने का सशक्त माध्यम है।
इन खिलाड़ियों ने जीता खिताब
अंडर-19 ओपन वर्ग में प्रथम राठौर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं अंडर-11 ओपन वर्ग में वेदांश यादव ने पहला स्थान प्राप्त किया।
अंडर-19 बालिका वर्ग में इशिका साहू ने खिताब अपने नाम किया, जबकि अंडर-11 बालिका वर्ग में रिद्धिमा सिंह चैंपियन बनीं।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए 12 खिलाड़ियों का चयन
प्रतियोगिता के आधार पर अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग में 4-4 तथा अंडर-11 बालक एवं बालिका वर्ग में 2-2 खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।
चयनित खिलाड़ी इस प्रकार हैं
अंडर-11 बालिका: रिद्धिमा सिंह, अनिका साहू
अंडर-11 ओपन: वेदांश यादव, आशुतोष तिवारी
अंडर-19 बालिका: इशिका साहू, सृष्टि सिंह, अन्वेशा राठौर, रिमझिम केवट
अंडर-19 ओपन: प्रथम राठौर, अर्णव डिडवानिया, विराट चंदानी, आकाश चंद्रवंशी
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में जिला शतरंज संघ के पदाधिकारी देवेंद्र राठौर, लोकेश यादव, गिरधर गोपाल, अभिजीत मावलंकर, श्रीमती प्रतिभा यादव, मनीष सूर्यवंशी, योगेंद्र साहू एवं श्री हरवंश सूर्यवंशी सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
जिला शतरंज संघ ने सभी चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने की अपेक्षा व्यक्त की।




