क्राइमजाँजगीर -चाँपा

पामगढ़ में फायरिंग: रिटायर्ड फौजी ने युवक पर चलाई गोली, घायल बिलासपुर रेफर, आरोपी भाईयों को पुलिस ने लिया हिरासत में


जांजगीर-चांपा। जिला जांजगीर-चांपा के पामगढ़ थाना अंतर्गत विकास नगर में आज सुबह मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। एक किराना दुकान के सामने गाली-गलौज करने से मना करने पर रिटायर्ड फौजी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से एक युवक पर गोली चला दी। घायल युवक को गंभीर अवस्था में बिलासपुर रेफर किया गया है, जहाँ उसका उपचार जारी है।


गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10:00 बजे विकास नगर निवासी शैलेंद्र साहू अपने साथियों के साथ ‘हिंमाशु किराना स्टोर’ के पास पहुंचा था। वहां वे आपस में गाली-गलौज कर रहे थे, जिसका दुकान संचालक हिमांशु श्रीवास ने विरोध किया। मना करने पर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और वाद-विवाद शुरू हो गया।


लाइसेंसी पिस्टल से किया हमला
विवाद बढ़ने पर हिमांशु श्रीवास का भाई गुलशन श्रीवास, जो आर्मी के सिग्नल कोर से रिटायर्ड हवलदार है, बाहर आया। उसने अपने लाइसेंसी पिस्टल से पंकज कश्यप नामक युवक पर गोली चला दी। गोली पंकज के जांघ पर लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पामगढ़ ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया है।

10021076539089325947004777936


आरोपी हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही पामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रिटायर्ड हवलदार गुलशन श्रीवास और उसके सहयोगी भाई हिमांशु श्रीवास को हिरासत में ले लिया है। पुलिस प्रशासन के अनुसार, वर्तमान में क्षेत्र की स्थिति सामान्य और नियंत्रण में है।


हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। आरोपियों की लाइसेंसी पिस्टल को भी जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Related Articles

Back to top button