जाँजगीर -चाँपाधर्म भक्ति

जांजगीर में सजेगा महादेव का भव्य दरबार: 21 अप्रैल को 501 परिवार करेंगे पार्थिव शिवलिंग निर्माण, विश्व शांति और मानव कल्याण हेतु महाअनुष्ठान

जांजगीर-चांपा। संस्कारधानी जांजगीर में 21 अप्रैल को भक्ति, आस्था और विश्व शांति की कामना का भव्य संगम देखने को मिलेगा। श्री राम भिक्षुक धर्म जागरण सेवा समिति के तत्वावधान में हाई स्कूल मैदान में आयोजित इस महाअनुष्ठान में 501 पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण कर भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन, जलाभिषेक और श्रृंगार किया जाएगा।

विश्व शांति के संकल्प के साथ आयोजन

आयोजन का मुख्य उद्देश्य केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि विश्व शांति, मानव कल्याण और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना है। समिति के अभिषेक शर्मा के अनुसार, सामूहिक पूजन के माध्यम से वैश्विक सद्भाव और शांति का संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है।

पवित्र मिट्टी से निर्माण, नदी में होगा विसर्जन

पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण टीला और तालाब की पवित्र मिट्टी से किया जाएगा। पूजन के पश्चात सभी शिवलिंगों का विधिवत नदी में विसर्जन किया जाएगा। इस अनुष्ठान में लगभग 501 सनातनी परिवार सहभागिता करेंगे।

ड्रोन से पुष्प वर्षा, हर भक्त को मिलेगा रुद्राक्ष

कार्यक्रम को भव्य स्वरूप देने के लिए ड्रोन के माध्यम से गुलाब जल का छिड़काव और पुष्प वर्षा की जाएगी। साथ ही प्रत्येक श्रद्धालु को आस्था के प्रतीक के रूप में रुद्राक्ष प्रदान किया जाएगा।

5000 श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारा

पूजन-अर्चना के बाद लगभग 5000 श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद (भंडारा) की व्यवस्था की गई है।

महादेव ही होंगे मुख्य अतिथि

इस आयोजन की विशेषता यह है कि इसमें किसी राजनेता या विशिष्ट व्यक्ति को आमंत्रित नहीं किया गया है। ‘महादेव’ को ही मुख्य अतिथि मानकर संपूर्ण आयोजन समर्पित किया गया है। यह आयोजन पिछले तीन वर्षों से बिलासपुर में सफलतापूर्वक हो रहा है, जिसे अब जांजगीर-चांपा में पहली बार बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है।

सुरक्षा और व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम

आयोजन स्थल पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। आपात स्थिति के लिए 4 दमकल वाहन और सुरक्षा टीमें तैनात रहेंगी। पूजन में शामिल होने वाले परिवारों के लिए आवश्यक सामग्री समिति द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही, पूजन में भाग लेने के लिए पति-पत्नी होना अनिवार्य नहीं है—परिवार के अन्य सदस्य भी इसमें सम्मिलित हो सकते हैं।

Related Articles

Back to top button