सुशासन तिहार शिविर में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़, कचंदा में 1337 आवेदन प्राप्त

विधायक शेषराज हरबंश, पूर्व सांसद कमला पाटले और कलेक्टर ने किया निरीक्षण, हितग्राहियों को योजनाओं का मिला लाभ
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप आयोजित सुशासन तिहार के तहत जनपद पंचायत नवागढ़ के ग्राम पंचायत कचंदा में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और विभिन्न विभागों के माध्यम से अपनी मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
शिविर में नवीन राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, नैनो डीएपी, किसान किताब, श्रम कार्ड, वोटर आईडी, बी-1 खसरा सहित विभिन्न योजनाओं से संबंधित सामग्री और प्रमाण पत्र वितरित किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को प्रतीकात्मक चाबी भी सौंपी गई।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार एवं गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
1337 आवेदन पहुंचे, 91 शिकायतें शामिल
ग्राम पंचायत कचंदा में आयोजित शिविर में कुल 1337 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 1246 मांग और 91 शिकायतें शामिल हैं। सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के लिए प्रेषित किया गया है।
विधायक ने किसानों से की नई तकनीक अपनाने की अपील
पामगढ़ विधायक श्रीमती शेषराज हरबंश ने कहा कि सुशासन तिहार आम लोगों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने किसानों से कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग की अपील की तथा अधिकारियों को जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पूर्व सांसद ने किया पौधरोपण का आह्वान

पूर्व सांसद श्रीमती कमला देवी पाटले ने कहा कि सुशासन तिहार सरकार और जनता के बीच संवाद का मजबूत माध्यम बन रहा है। उन्होंने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ने और अधिक से अधिक पौधरोपण करने की अपील की।
कलेक्टर ने दिए समयबद्ध निराकरण के निर्देश
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य प्रशासन को गांव-गांव तक पहुंचाकर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, सार्वजनिक वितरण प्रणाली सहित विभिन्न योजनाओं से जुड़े पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जल संरक्षण, स्वच्छता, वर्षा जल संचयन, गीले-सूखे कचरे के पृथक्करण तथा प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रति भी लोगों को जागरूक किया।






