जाँजगीर -चाँपासुशासन तिहार

किरीत में सुशासन तिहार शिविर में उमड़ी भीड़, 19 पंचायतों से पहुंचे ग्रामीण, 937 आवेदन मिले

विधायक व्यास कश्यप, कलेक्टर जन्मेजय महोबे सहित जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में आयोजित शिविर में हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया गया और कई आवेदनों का मौके पर निराकरण किया गया।

जांजगीर-चांपा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप सुशासन तिहार के तहत जिलेभर में जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को जनपद पंचायत नवागढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत किरीत स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के साथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।

19 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण हुए शामिल

क्लस्टर स्तरीय इस शिविर में ग्राम पंचायत किरीत, पेण्ड्री (नवा.), केरा, देवरी, नगारीडीह, कनस्दा, सिंघुल, कसेला, करमंदी (के.), पचरी, मिसदा, गंगाजल, भठली, उदयभांठा, तुलसी, बरगांव, खैरताल, नेगुरडीह एवं ठकुरदिया सहित कुल 19 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल हुए। ग्रामीणों ने अपनी मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

शिविर में कुल 937 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 869 मांग संबंधी एवं 68 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल हैं। कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए।

विभिन्न योजनाओं का मिला लाभ

शिविर स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां नागरिकों को शासन की योजनाओं, पात्रता और लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को प्रतीकात्मक चाबी, राशन कार्ड, मनरेगा रोजगार कार्ड, श्रम कार्ड, आयुष्मान कार्ड तथा मछुआरों को जाल वितरित किए गए।

स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को स्वरोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऋण स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार और गोदभराई कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

मेधावी छात्र, सैनिक और स्वच्छता दीदियां हुईं सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान सैनिकों, अग्निवीर भर्ती में चयनित युवाओं तथा कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। वहीं स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्वच्छता दीदियों को साड़ी भेंट कर सम्मानित किया गया। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को बाल विवाह उन्मूलन और सामाजिक जागरूकता की शपथ भी दिलाई।

जनसमस्याओं का समाधान ही सुशासन तिहार का उद्देश्य : विधायक

विधायक व्यास कश्यप ने कहा कि सुशासन तिहार आम जनता की समस्याओं के निराकरण के लिए आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपनी मांगों और समस्याओं को आवेदन के माध्यम से शासन-प्रशासन तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने किरीत को ऐतिहासिक गांव बताते हुए कहा कि यहां के अनेक युवा देश सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने आगामी खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों के लिए खाद और बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्राथमिकता : कलेक्टर

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि आमजन की समस्याओं का सरल, सुगम और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना ही सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने किसानों को फसल चक्र अपनाने, जैविक खाद एवं नैनो यूरिया के उपयोग के लिए प्रेरित किया। साथ ही प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।

उन्होंने कहा कि मनरेगा सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से गांव में ही रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है तथा महिलाओं को आजीविका मिशन से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में नवागढ़ जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कांता मोहन कश्यप, नगर पंचायत नवागढ़ अध्यक्ष श्रीमती अर्चना राजकुमार देवांगन, अमर सुल्तानिया, पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, ज्योति किशन कश्यप, रेवती राजन पात्रे, अखिलेश भीष्म, लोकेश शुक्ला, नरेन्द्र कौशिक, राधा कश्यप, मोहनलाल कश्यप, ललित कश्यप, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, एसडीएम सुब्रत प्रधान, जनपद पंचायत सीईओ सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button