बम्हनीडीह नगर पंचायत चुनाव में नामांकन को लेकर बवाल, एसडीएम पर गंभीर आरोप

कांग्रेस ने लगाया नामांकन फॉर्म बाहर ले जाकर पूरा कराने का आरोप, कार्यालय का किया घेराव
जांजगीर-चांपा। बम्हनीडीह नगर पंचायत चुनाव में नामांकन प्रक्रिया को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसडीएम पर चुनावी प्रक्रिया में गंभीर अनियमितता बरतने का आरोप लगाया है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भाजपा समर्थित एक पार्षद प्रत्याशी का नामांकन फॉर्म अधूरा था, इसके बावजूद नियमों को दरकिनार कर उसे पूरा कराने की कोशिश की गई।
एसडीएम पर लगाए गंभीर आरोप
आरोप के मुताबिक एसडीएम अधूरा नामांकन फॉर्म अपने कार्यालय से बाहर लेकर रेस्ट हाउस पहुंचे, जहां प्रत्याशी और उसके समर्थकों को बुलाकर फॉर्म पूरा कराया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद कार्यालय स्टाफ के माध्यम से फॉर्म को दोबारा एसडीएम कार्यालय में जमा कराने की कोशिश की गई।
कांग्रेस ने किया घेराव
मामले की जानकारी मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ता एसडीएम कार्यालय पहुंच गए और कथित “नामांकन चोरी” का आरोप लगाते हुए कार्यालय का घेराव कर दिया। इस दौरान काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। कांग्रेस नेताओं ने इसे लोकतंत्र और चुनावी नियमों के खिलाफ बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
निष्पक्ष चुनाव पर उठे सवाल
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि यदि चुनाव प्रक्रिया की निगरानी करने वाले अधिकारी ही नियमों का उल्लंघन करेंगे तो निष्पक्ष चुनाव कैसे संभव होगा। पार्टी ने मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।






