क्राइमछत्तीसगढ़जाँजगीर -चाँपा

रेत माफिया पर खनिज विभाग का शिकंजा: हसदेव नदी समेत कई क्षेत्रों में छापा, अवैध परिवहन करते 1 हाईवा और 6 ट्रैक्टर जब्त

कलेक्टर के निर्देश पर खनिज अमले की औचक कार्रवाई, चांपा थाना और कलेक्टोरेट में खड़े कराए गए वाहन

🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। जिले में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के कड़े निर्देश पर खनिज अमले ने विभिन्न संवेदनशील नदी तटीय इलाकों में औचक दबिश देकर अवैध रेत परिवहन में लिप्त 1 हाईवा और 6 ट्रैक्टरों को जब्त किया है। प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से रेत माफिया में हड़कंप मच गया है।

पिपरदा, पीथमपुर और चांपा में दबिश

खनिज विभाग की टीम ने जिले के पिपरदा, पुछेली, पीथमपुर, हाथनेवरा और चांपा सहित विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया। खनिज अधिकारी ने बताया कि जांच पड़ताल के दौरान ग्राम पिपरदा से 1 हाईवा, पीथमपुर क्षेत्र से 3 ट्रैक्टर तथा चांपा के हसदेव नदी परिक्षेत्र से 3 ट्रैक्टरों को अवैध रूप से रेत का परिवहन करते रंगे हाथों पकड़ा गया। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सभी 7 वाहनों को तत्काल प्रभाव से जब्त कर लिया गया।

कलेक्टर परिसर व थाने में रखे गए वाहन

कार्रवाई के बाद जब्त किए गए वाहनों को पुलिस थाना चांपा और कलेक्टोरेट परिसर में सुरक्षा के लिए खड़ा कराया गया है। विभाग द्वारा दर्ज प्रकरणों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के नियम 71 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

लगातार जारी रहेगी कार्रवाई

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने खनिज व राजस्व विभाग को सख्त हिदायत दी है कि जिले में प्राकृतिक संसाधनों की अवैध निकासी और परिवहन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अवैध उत्खनन और भंडारण करने वालों को चिन्हित कर नियमित जांच अभियान जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Back to top button