जांजगीर में कांग्रेस की ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ जनचौपाल: विधायक ब्यास कश्यप ने केंद्र सरकार व चुनावी प्रक्रिया पर लगाए गंभीर आरोप, घर-घर जागरूकता का आह्वान



शारदा चौक में आयोजित संवाद कार्यक्रम में मतदाता सूची की जांच और मताधिकार की रक्षा का लिया गया संकल्प
प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने आयोजित किया कार्यक्रम
जांजगीर-चांपा। लोकतंत्र की रक्षा, मताधिकार की सुरक्षा और कथित वोट चोरी के मुद्दे को लेकर कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे देशव्यापी ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत शनिवार 14 नवंबर को नगर के शारदा चौक में जनचौपाल एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान और प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में हुए इस कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने वार्डवासियों और नागरिकों को मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों के प्रति जागरूक किया।
विधायक ब्यास कश्यप ने चुनावी व्यवस्था व केंद्र सरकार पर उठाए सवाल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ब्यास कश्यप ने भाजपा और केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज देश के लोकतंत्र और चुनावी व्यवस्था की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया पर आरोप लगाते हुए कहा कि मतदाता सूची से पात्र मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार इन मुद्दों को उठा रहे हैं। कश्यप ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर और वार्ड-वार्ड जाकर मतदाता सूची की जांच के प्रति लोगों को जागरूक करें।
पात्र मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करेगी कांग्रेस
विधायक ब्यास कश्यप ने आगे कहा कि 1 नवंबर को दिल्ली में आयोजित महारैली में लाखों लोगों की भागीदारी यह दर्शाती है कि देश की जनता इन मुद्दों को लेकर जागरूक हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार फर्जी वोटों के सहारे सत्ता में बनी हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में एसआईआर प्रक्रिया के तहत मतदाताओं के नाम काटे जाने की जानकारी सामने आई है, जो अनुचित है। किसी भी पात्र मतदाता का नाम बिना वैधानिक प्रक्रिया के हटाना उसके संवैधानिक अधिकारों का हनन है और कांग्रेस प्रत्येक मतदाता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करेगी।

बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता रहे उपस्थित
शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रामबिलास राठौर के निर्देशन और मंडल अध्यक्ष रफीक सिद्धिकी व ऋषिकेश उपाध्याय के नेतृत्व में आयोजित इस जनचौपाल का संचालन अनिल राठौर तथा आभार प्रदर्शन रामबिलास राठौर ने किया। कार्यक्रम में दिनेश शर्मा, डॉ. परस शर्मा, विवेक सिंह सिसोदिया, भगवानदास गडेवाल, शिशिर द्विवेदी, प्रिंस शर्मा, देवकुमार पाण्डेय, मनोरमा पाटेकर, हेमलता राठौर, परमेश्वर निर्मले, पार्षद अरमान खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।




