Holi 2026: जांजगीर के बाजारों में चढ़ा होली का खुमार, ‘पुष्पा-2’ पिचकारी और ‘गुलाल गन’ की मची धूम!

जांजगीर-चांपा। रंगों का त्योहार होली अब बस कुछ ही दिन दूर है और जांजगीर-चांपा के बाजारों में इसकी रौनक देखते ही बन रही है। चौक-चौराहों पर अबीर, गुलाल और मुखौटों की दुकानें सज चुकी हैं। इस बार बाजार में ‘स्वदेशी’ का बोलबाला है और बच्चों से लेकर युवाओं तक के लिए कई आकर्षक आइटम मार्केट में उतरे हैं।
‘पुष्पा झुकेगा नहीं’ वाली पिचकारी की डिमांड
इस साल युवाओं और बच्चों के बीच फिल्मी सितारों का क्रेज सिर चढ़कर बोल रहा है। खासकर ‘पुष्पा-2’ फिल्म की थीम पर बनी पिचकारियां सबसे ज्यादा बिक रही हैं, जिन पर ‘झुकेगा नहीं’ जैसे डायलॉग लिखे हैं। इनकी कीमत ₹250 से ₹1000 तक है। इसके अलावा बाहुबली पिचकारी, जिसमें पंप और टैंक का कॉम्बो है, वह भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

गुलाल फायर गन और बैलून शूटर का जलवा
अशोक जनरल स्टोर्स के संचालक मुरली गुरनानी ने बताया कि इस बार बच्चों के लिए ‘गुलाल फायर गन’ और ‘बैलून शूटर’ नए वैरायटी के रूप में आए हैं। गन से फायर करते ही रंगीन गुलाल की बौछार होती है। साथ ही स्पाइडरमैन, डोरेमोन, छोटा भीम और आयरन मैन जैसे कार्टून किरदारों वाली ‘बैकपैक पिचकारी’ (स्कूल बैग की तरह पीठ पर बांधने वाली) बच्चों की पहली पसंद बनी हुई है।

केमिकल को कहा ‘ना’, हर्बल गुलाल की बढ़ी मांग
त्वचा की सुरक्षा को देखते हुए इस बार लोग चाइनीज और केमिकल युक्त रंगों से दूरी बना रहे हैं। बाजार में फूलों से बने हर्बल गुलाल की भारी मांग है। हालांकि ये थोड़े महंगे हैं, लेकिन सुरक्षित होने के कारण लोग इन्हें ही प्राथमिकता दे रहे हैं। इसके अलावा रंग उड़ाने के लिए ‘गुलाल गैस सिलेंडर’ भी बाजार में उपलब्ध है।
होली स्पेशल ‘मोनो प्रिंट’ टी-शर्ट
होली के हुड़दंग के लिए युवाओं में मोनो प्रिंट टी-शर्ट का जबरदस्त क्रेज दिख रहा है। बाजार में ₹50 से ₹200 की रेंज में ‘बुरा न मानो होली है’ जैसे स्लोगन वाली टी-शर्ट्स धड़ल्ले से बिक रही हैं।




