विकसित कृषि संकल्प अभियान शुरू: किसानों तक पहुंचेगी आधुनिक खेती की जानकारी, कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी, 20 मई तक गांव-गांव चलेगा अभियान

जांजगीर-चांपा। जिले में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों तथा शासकीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से “विकसित कृषि संकल्प अभियान” की शुरुआत की गई है। यह अभियान 5 मई से 20 मई तक जिलेभर में संचालित किया जाएगा।
अभियान के तहत कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर, कृषि विज्ञान केन्द्र के कार्यक्रम समन्वयक खेमादास महंत सहित कृषि एवं समवर्गीय विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
गांव-गांव पहुंचकर दी जाएगी जानकारी
उप संचालक कृषि राकेश शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान कृषि विभाग की टीम प्रत्येक विकासखंड के गांवों में पहुंचकर किसानों को खरीफ सीजन की तैयारी, उन्नत बीजों के उपयोग, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, हरी खाद, जैव उर्वरक, नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी के उपयोग के संबंध में जानकारी देगी।
सरकारी योजनाओं का होगा प्रचार-प्रसार
अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, पीएम-आशा योजना अंतर्गत फसल विविधिकरण, आधुनिक कृषि यंत्रों तथा कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
जैविक और प्राकृतिक खेती पर जोर
किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। इसके साथ ही मृदा स्वास्थ्य कार्ड के अनुसार उर्वरकों के उपयोग तथा फसलों की उन्नत उत्पादन तकनीकों के संबंध में जागरूक किया जाएगा।
विशेषज्ञ देंगे प्रत्यक्ष मार्गदर्शन
कृषि एवं समवर्गीय विभागों के अधिकारियों के साथ कृषि विज्ञान केन्द्र के विषय विशेषज्ञ गांवों में पहुंचकर किसानों को प्रत्यक्ष मार्गदर्शन देंगे। साथ ही दलहन, तिलहन एवं अन्य फसलों के उत्पादन बढ़ाने के उपायों की जानकारी भी साझा की जाएगी, ताकि किसान आधुनिक तकनीकों को अपनाकर उत्पादन और आय दोनों में वृद्धि कर सकें।




