
BSF जवान रंजीत भारद्वाज ने किया ध्वजारोहण; जवान और किसान के महत्व पर डाला प्रकाश, ग्रामीणों ने लिया राष्ट्रसेवा का संकल्प
जांजगीर-चांपा। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जिले के ग्राम बहेराडीह स्थित देश के प्रथम किसान स्कूल में देशभक्ति का अनूठा माहौल देखने को मिला। समारोह में पामगढ़ के बीएसएफ जवान रंजीत भारद्वाज ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों और किसानों ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया।
कर्तव्यों का निर्वहन ही सच्ची आजादी: बीएसएफ जवान
समारोह को संबोधित करते हुए बीएसएफ जवान रंजीत भारद्वाज ने कहा कि स्वतंत्रता केवल अंग्रेजी हुकूमत से मुक्ति का नाम नहीं है, बल्कि देश के प्रति अपने दायित्वों को समझना और उनका निष्ठापूर्वक निर्वहन करना ही सच्ची आजादी है। उन्होंने देश की सुरक्षा और समृद्धि में ‘जवान और किसान’ दोनों की महत्ता को रेखांकित किया। प्रबुद्ध नागरिक रामभरोस यादव ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम को सरपंच राजेश भारद्वाज, जोतराम यादव, शिक्षक सुखीराम यादव, प्रभा किरण पाण्डेय एवं रामकुमारी राठौर ने भी संबोधित किया।
वरिष्ठ नागरिकों और किसानों की रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार कुंजबिहारी साहू एवं किसान स्कूल के संचालक दीनदयाल यादव ने संयुक्त रूप से किया, जबकि आभार प्रदर्शन रामाधार देवांगन द्वारा किया गया। इस अवसर पर शिक्षक बिपिन तिवारी, पत्रकार राजकुमार साहू, हिमांशु साहू, पशु सखी पुष्पा यादव, रामबाई यादव, बाबूलाल यादव, राजाराम यादव, उर्मिला यादव, पिंटू कश्यप सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान व ग्रामीण उपस्थित रहे।




