चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो से महिला को धमकाने वाला 24 वर्षीय आरोपी सलाखों के पीछे

शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण और ब्लैकमेलिंग का मामला; बीएनएस और आईटी एक्ट के तहत भेजा गया जेल
जांजगीर-चांपा। 03 सितंबर 2026। जांजगीर-चांपा जिले की चांपा थाना पुलिस ने प्रेमजाल में फंसाकर दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पीड़िता की रिपोर्ट पर तत्काल हरकत में आई पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में जुर्म स्वीकार करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पीड़िता ने चांपा थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने पहले उसे प्यार का झांसा देकर अपने विश्वास में लिया और फिर जबरन अनाचार किया। इस दौरान आरोपी ने धोखे से उसका अश्लील वीडियो बना लिया और बाद में वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगा। पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 444/2026 दर्ज कर तत्काल विवेचना शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर दबोचा
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस लगातार आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी बीच मुखबिर से आरोपी की मौजूदगी के संबंध में पुख्ता सूचना मिली। पुलिस टीम ने फौरन मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही को हिरासत में ले लिया। थाने लाकर पूछताछ करने पर आरोपी ने महिला के साथ अनाचार और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का अपराध कबूल कर लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान 24 वर्षीय आशीष तिवारी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ग्राम करकोना, थाना बिजरी, जिला अनूपपुर (मध्य प्रदेश) का रहने वाला है और वर्तमान में चांपा में निवास कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69, 296, 351(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 67 एवं 67(ए) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
महिला संबंधी इस गंभीर अपराध में तत्परता दिखाते हुए आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचाने में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक रूकसाना बानो, आरक्षक नीतिश विश्वकर्मा, कैलाश यादव सहित चांपा थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।




