सेवा संकल्प अभियान: नवागढ़ के सेमरा में दया राम को मिला पक्का आशियाना, कच्ची झोपड़ी की बदहाली से मिली मुक्ति

पीएम आवास योजना के साथ शौचालय और नल-जल कनेक्शन से संवरी जिंदगी; बरसात में टपकती छत की चिंता से मुक्त हुआ परिवार
🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) जरूरतमंद ग्रामीण परिवारों के लिए केवल पक्का मकान उपलब्ध कराने का जरिया नहीं, बल्कि सम्मान और सुरक्षा के साथ बेहतर जीवन की नई शुरुआत का आधार बन रही है। जनपद पंचायत नवागढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत सेमरा निवासी दया राम पिता अक्ति के परिवार की कहानी इस बदलाव का जीवंत उदाहरण है। कभी कच्ची, जर्जर झोपड़ी में कठिनाइयों से जूझने वाला यह परिवार अब अपने पक्के आशियाने में सुकून की जिंदगी गुजार रहा है।
बारिश में पानी भरने से थम जाती थी जिंदगी
हितग्राही दया राम पहले अपने पूरे परिवार के साथ एक बेहद जर्जर कच्ची झोपड़ी में रहते थे। मानसून के दिनों में झोपड़ी से पानी टपकने और घर के अंदर जलभराव हो जाने से परिवार की रातें जागते हुए कटती थीं। कच्चे मकान की लगातार मरम्मत और बारिश का खौफ परिवार के लिए हर साल की बड़ी मुसीबत बन चुका था। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास स्वीकृति मिलने के बाद उनकी यह बरसों पुरानी परेशानी हमेशा के लिए दूर हो गई।
1.55 लाख से अधिक की मिली वित्तीय मदद
आवास निर्माण के लिए दया राम को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 1.20 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। इसके साथ ही योजना के अभिसरण से महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत 23,490 रुपये की मजदूरी राशि और स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत पक्का शौचालय निर्माण के लिए 12,000 रुपये की अतिरिक्त वित्तीय मदद दी गई। ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक और तकनीकी अमले के सतत मार्गदर्शन में यह निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा हुआ।
नल-जल योजना से घर तक पहुंचा शुद्ध पेयजल
पक्के मकान और शौचालय के साथ ही परिवार को ‘जल जीवन मिशन’ के तहत नल-जल योजना के जरिए घर पर ही पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इससे परिवार की महिलाओं को दूर-दराज से पानी लाने की दैनिक परेशानी से निजात मिली है। घर के परिसर में शौचालय और नल कनेक्शन होने से पारिवारिक स्वच्छता व स्वास्थ्य के स्तर में भी व्यापक सुधार आया है।
सुरक्षा और सम्मान का प्रतीक बना नया आशियाना
खुशी जाहिर करते हुए दया राम कहते हैं कि पहले बारिश के दिनों में घर में पानी भर जाता था और पूरा परिवार असुरक्षित महसूस करता था। अब पक्का मकान मिलने से न केवल प्राकृतिक आपदाओं का डर खत्म हुआ है, बल्कि समाज में सम्मान से जीने का अवसर भी मिला है। विभिन्न शासकीय योजनाओं के समन्वित लाभ से उनके जीवन में आया यह सकारात्मक बदलाव शासन के ‘सेवा संकल्प अभियान’ की वास्तविक सार्थकता को दर्शाता है।




