क्राइमजाँजगीर -चाँपा

हादसा नहीं हत्या थी: अकलतरा पुलिस ने सुलझाई अंधे कत्ल की गुत्थी, ट्रक लेन-देन विवाद में दोस्त ने रची थी एक्सीडेंट की झूठी साजिश

24 जून को भारतमाला रोड पर मिली थी लाश; पुलिस की कड़ी पूछताछ में टूटा आरोपी, फरार साथी की तलाश जारी

जांजगीर-चांपा। 01 सितंबर 2026। भारतमाला रोड पर संदिग्ध सड़क दुर्घटना में हुई युवक की मौत का अकलतरा पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। जिसे शुरुआत में सड़क हादसा समझा जा रहा था, वह दरअसल सोची-समझी हत्या निकली। ट्रक के लेन-देन विवाद को लेकर दोस्त ने ही अपने साथी के साथ मिलकर युवक को मौत के घाट उतारा था और सबूत मिटाने के लिए शव को कार के नीचे डालकर एक्सीडेंट का रूप दे दिया था। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल कार जब्त कर ली है।

24 जून को हुई थी घटना, दर्ज हुआ था एक्सीडेंट का केस

मामला 24 जून 2026 का है, जब सोनादुला-सांकर भारतमाला रोड पर कार क्रमांक CG 10 BP 9060 की चपेट में आने से अरविंद सिंह लोधी (26 वर्ष, निवासी सकरी, बिलासपुर) की मौत हो गई थी। प्रारंभिक जांच में थाना अकलतरा पुलिस ने इसे सामान्य सड़क दुर्घटना मानते हुए अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

कड़ाई से पूछताछ में टूटा आरोपी, उगला सच

घटना की परिस्थितियों को संदिग्ध देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन में बारीकी से जांच शुरू की गई। एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में थाना प्रभारी जय कुमार साहू और चौकी प्रभारी कोटमीसोनार विनोद जाटवर की टीम ने संदेह के आधार पर दीनदयाल कॉलोनी (बिलासपुर) निवासी हेमंत सिंह ठाकुर को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की। सघन पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने सारा सच उगल दिया। आरोपी ने बताया कि ट्रक के लेन-देन को लेकर उसका अरविंद से पुराना विवाद चल रहा था। 24 जून को शराब पार्टी के दौरान दोनों के बीच फिर कहासुनी हुई और विवाद बढ़ गया। इसके बाद हेमंत ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर अरविंद पर लात-घूंसों से हमला कर उसे बेरहमी से मार डाला। हत्या के बाद अपराध छिपाने की नीयत से उन्होंने शव को कार क्रमांक CG 10 BP 9060 के नीचे डाल दिया ताकि मामला सड़क दुर्घटना लगे।

आरोपी भेजा गया जेल

हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने प्रकरण से दुर्घटना की धारा 106(1) हटाकर हत्या की धारा 103(1) एवं 3(5) बीएनएस जोड़ी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार को जब्त कर आरोपी हेमंत सिंह ठाकुर (23 वर्ष, पिता गोविंद सिंह ठाकुर, निवासी दीनदयाल कॉलोनी, बिलासपुर) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में शामिल फरार दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।

Related Articles

Back to top button