Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपा

आंगनबाड़ियों में सजा सुपोषण का उत्सव: ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न केंद्रों में हुआ आंगन मिलन, पोषण और स्वास्थ्य पर दिया जोर

पौष्टिक व्यंजन प्रदर्शनी, न्योता भोज और प्रतियोगिताओं के जरिए दिया संदेश; बेहतर कार्य करने वाली कार्यकर्ताएं और मितानिन हुईं सम्मानित

🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। जिले भर के आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत राष्ट्रीय पोषण माह और आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम की धूम रही। केंद्रों में महिलाओं, बच्चों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मौजूदगी में सुपोषण और बेहतर स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान बच्चों के बीच विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, वहीं पारंपरिक और पौष्टिक खानपान को बढ़ावा देने के लिए व्यंजनों की प्रदर्शनी भी लगाई गई।

विभागीय योजनाओं की दी गई सीधी जानकारी

जिला कार्यक्रम अधिकारी (महिला एवं बाल विकास) ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बच्चों तक शासन की कल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाना और कुपोषण को दूर भगाना है। आयोजन के दौरान उपस्थित महिलाओं को पोषण और स्वास्थ्य के बुनियादी नियमों के साथ-साथ ‘बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़’, ‘सुकन्या समृद्धि योजना’, ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ और आपात स्थिति में महिलाओं की मदद के लिए संचालित ‘सखी वन स्टॉप सेंटर’ की विस्तार से जानकारी दी गई।

स्वस्थ शिशु स्पर्धा और न्योता भोज का हुआ आयोजन

विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में माहौल उत्सव जैसा नजर आया। कहीं नन्हें बच्चों के बीच ‘स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता’ कराई गई, तो कहीं चित्रकला, रंगोली और वाद-विवाद के माध्यम से कुपोषण मिटाने का संदेश दिया गया। बच्चों को खिलौने बांटे गए और सभी के लिए सामूहिक ‘न्योता भोज’ का प्रबंध किया गया। इसके साथ ही मैदानी स्तर पर महिलाओं और बच्चों की सेहत संवारने में जुटी उत्कृष्ट आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों को मंच पर सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

हथनेवरा सहित कई केंद्रों में पहुंचे जनप्रतिनिधि

हथनेवरा आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य सुश्री आशा साव, परियोजना अधिकारी श्रीमती संगीता पाण्डेय सहित पर्यवेक्षक और कार्यकर्ताएं मौजूद रहीं। इसी तरह जिले के अन्य नगरीय व ग्रामीण केंद्रों में भी नगर पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, स्थानीय पार्षद और जनप्रतिनिधियों ने शिरकत कर बच्चों और महिलाओं का हौसला बढ़ाया।

Related Articles

Back to top button