Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपाबिलासपुर

जांजगीर पुलिस का वार्षिक निरीक्षण: बिलासपुर आईजी रामगोपाल गर्ग ने ली परेड की सलामी, पुलिस दरबार में सुनी समस्याएं; अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

पुलिस लाइन में नवीन जिम व यातायात भवन के जीर्णोद्धार का शुभारंभ, अग्निवीर अभ्यर्थियों का बढ़ाया हौसला; सड़क सुरक्षा मितान, राहवीर व महिला कमांडो सम्मानित

🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) रामगोपाल गर्ग (IPS) ने मंगलवार को जिला जांजगीर-चांपा पुलिस का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस लाइन में भव्य परेड की सलामी ली, एसपी कार्यालय व चांपा थाने का औचक मुआयना किया और पुलिस दरबार लगाकर जवानों की समस्याएं सुनीं। आईजी ने जिले के सभी थाना व चौकी प्रभारियों को अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, जुआ-सट्टा व अवैध शराब के सिंडिकेट को नेस्तनाबूद करने और आम जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार रखने के कड़े निर्देश दिए।

परेड की ली सलामी, उत्कृष्ट जवानों को नगद पुरस्कार

वार्षिक निरीक्षण के पहले चरण में पुलिस लाइन ग्राउंड में आयोजित परेड का आईजी श्री गर्ग ने निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के टर्नआउट, वर्दी और अनुशासन की बारीकी से जांच की। परेड में उत्कृष्ट व अनुकरणीय प्रदर्शन करने वाले जवानों को मौके पर ही नगद पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

पुलिस दरबार: समस्याओं का समाधान और संवेदनशील पुलिसिंग का मंत्र

परेड के बाद पुलिस लाइन में ‘पुलिस दरबार’ का आयोजन हुआ। आईजी ने मैदानी स्तर पर तैनात पुलिसकर्मियों से सीधा संवाद कर उनकी व्यक्तिगत व विभागीय समस्याओं को सुना और त्वरित निराकरण का भरोसा दिया। उन्होंने पुलिस बल को संबोधित करते हुए कहा कि थानों और चौकियों में आने वाले हर पीड़ित, बुजुर्ग व महिला के साथ अत्यंत संवेदनशील और शालीन व्यवहार किया जाए ताकि खाकी के प्रति जनता का विश्वास और गहरा हो।

नवीन पुलिस जिम का शुभारंभ और अग्निवीर युवाओं से संवाद

पुलिसकर्मियों की शारीरिक दक्षता और फिटनेस को ध्यान में रखते हुए पुलिस लाइन में नवीन ‘पुलिस जिम’ का शुभारंभ किया गया। साथ ही जीर्णोद्धार किए गए यातायात शाखा भवन का भी लोकार्पण हुआ। इसके बाद आईजी श्री गर्ग ने मैदान में अग्निवीर भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे स्थानीय युवाओं से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने युवाओं को कड़ी मेहनत, लगन, नियमित अभ्यास और संतुलित खान-पान के टिप्स देते हुए उनका हौसला बढ़ाया।

एसपी कार्यालय व चांपा थाने की समीक्षा, लंबित मामलों के निपटारे के निर्देश

आईजी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं—गोपनीय शाखा, स्थापना, शिकायत, आर्म्स और स्टोर रूम का सघन निरीक्षण किया। सेवा पुस्तिकाओं, अनुकंपा नियुक्ति, लंबित पेंशन और विभागीय जांच से जुड़े प्रकरणों की फाइलें देखकर उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि किसी भी मामले को अकारण लंबित न रखा जाए। इसके पश्चात उन्होंने थाना चांपा का रुख किया। थाने में कानून-व्यवस्था, लंबित अपराधों, वारंटों की तामीली और सायबर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए थाना प्रभारी को असामाजिक तत्वों व नशा कारोबारियों पर सख्त शिकंजा कसने के आदेश दिए।

‘राहवीर’ व जनसहयोग से जुड़े मितान हुए सम्मानित

शहर के एक निजी होटल में आयोजित भव्य समारोह में सड़क सुरक्षा मितान, पुलिस बूथ मितान, राहवीर और महिला कमांडो को सम्मानित किया गया। आईजी रामगोपाल गर्ग ने आमजन को जागरूक करते हुए डिजिटल अरेस्ट, अनजान लिंक और ओटीपी फ्रॉड जैसे सायबर अपराधों से सचेत रहने की अपील की। उन्होंने शासन की महत्वाकांक्षी ‘राहवीर योजना’ की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिक को 25,000 रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जाती है और उन्हें किसी भी कानूनी पचड़े या पूछताछ का सामना नहीं करना पड़ता।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक जांजगीर विजय कुमार पाण्डेय (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क, एएसपी यातायात उदयन बेहार, एसडीओपी, सीएसपी सहित जिले के सभी थाना व चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button