गांधी जयंती पर बतौली कॉलेज में विविध आयोजन: ग्राम स्वराज पर आधारित क्विज में ‘ग्राम बोदा’ दल अव्वल, निबंध प्रतियोगिता में दिखा युवाओं का उत्साह

व्याख्यानमाला में बापू के सिद्धांतों को बताया गया प्रासंगिक, स्वच्छता पखवाड़े के तहत प्राध्यापकों व विद्यार्थियों ने परिसर में चलाया श्रमदान अभियान

🔴 आज की बात News | बतौली (सरगुजा)। शासकीय महाविद्यालय बतौली में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के उपलक्ष्य में विविध शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर “महात्मा गांधी का जीवन दर्शन और वैचारिकी” विषय पर आयोजित व्याख्यानमाला, गांधीवादी विचारों पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, पोस्टर प्रदर्शनी और परिसर स्वच्छता अभियान में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
गांधी जी के विचार आधुनिक भारत के निर्माण में अनिवार्य: सुदामा राम गुप्ता
व्याख्यानमाला के मुख्य वक्ता, वरिष्ठ गांधीवादी चिंतक एवं साहित्यकार सुदामा राम गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी ने देश को सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने की जो राह दिखाई, वह आज भी उतनी ही प्रासंगिक है। गांधी जी के विचारों में सर्वधर्म समभाव, सामाजिक एकता, भाईचारा और समता का भाव समाहित है, जिसे आत्मसात करके ही वैश्विक स्तर पर स्थायी शांति स्थापित की जा सकती है। कार्यक्रम में साक्षर भारत के परियोजना अधिकारी उमेश गुप्ता और राजनीति विज्ञान के अतिथि शिक्षक गोपाल यादव ने भी गांधीवादी दर्शन पर अपने विचार रखे। व्याख्यानमाला का कुशल संचालन सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी प्रो. गोवर्धन प्रसाद सूर्यवंशी ने किया।
‘ग्राम स्वराज’ पर आधारित क्विज में ‘ग्राम बोदा’ दल ने मारी बाजी
अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित पोस्टर प्रदर्शनी के आधार पर एक विशेष प्रश्नोत्तरी (क्विज) प्रतियोगिता कराई गई। गांधी जी की ग्राम स्वराज की अवधारणा का सम्मान करते हुए प्रतिभागी टीमों के नाम स्थानीय गांवों पर रखे गए थे।

रोमांचक मुकाबले में ‘ग्राम बोदा’ दल ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं ‘ग्राम मंगारी’ दल द्वितीय, ‘ग्राम सेदम’ दल तृतीय और ‘ग्राम बतौली’ दल चतुर्थ स्थान पर रहा। इसके अलावा “महात्मा गांधी और भारतीय लोकतंत्र: विचारों की प्रासंगिकता” विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय के छात्र-छात्राओं ने मौलिक विचार प्रस्तुत किए। छात्र संवाद सत्र में हरिनारायण, हरकेश साहू, रवीना नागेश, कुंती पैकरा, ओमप्रकाश रवि और सितारा ने भी अपने विचार साझा किए।
श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश
समारोह से पूर्व महाविद्यालय के स्वीप कैंपस एंबेसडर, हिंदी साहित्य विकास परिषद के सदस्यों, विद्यार्थियों और प्राध्यापकों ने “स्वच्छता पखवाड़ा” के तहत पूरे महाविद्यालय परिसर में सघन सफाई अभियान चलाकर श्रमदान किया। इसके बाद सभी ने महात्मा गांधी के जीवन प्रसंगों पर आधारित प्रेरक पोस्टर प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बी.आर. भगत, प्रो. तारा सिंह मरावी, प्रो. बलराम चंद्राकर, प्रो. श्रीमती सुभागी भगत, प्रो. जिवियन खेस्स, अतिथि शिक्षक सुश्री शिल्पी एक्का, श्रीमती मनीषा एक्का एवं अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के समन्वयक चंद्रभान मंचासीन रहे। कार्यक्रम के अंत में वाणिज्य विभागाध्यक्ष प्रो. बलराम चंद्राकर ने सभी अतिथियों व प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।





