जाँजगीर -चाँपाधर्म भक्ति

पिसौद में देवी भागवत महापुराण के चौथे दिन उमड़ा जनसैलाब: सरपंच सुनीता रमेश साहू ने व्यासपीठ से लिया आशीर्वाद

आचार्य पंडित उर्वशीनन्द महाराज ने किया भगवती के दिव्य स्वरूपों का संगीतमय वर्णन; जीवंत झांकी रही भक्तों के आकर्षण का केंद्र

🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। ग्राम पिसौद में आयोजित भव्य संगीतमय श्रीमद देवी भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ के चौथे दिन श्रद्धा और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। कथा श्रवण के लिए ग्राम सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, जिससे पूरा कथा पंडाल खचाखच भर गया और दिनभर माता के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा।

व्यासपीठ से लिया मंगल आशीर्वाद

कथा के चौथे दिन ग्राम पंचायत पिसौद की सरपंच सुनीता रमेश साहू विशेष रूप से कथा पंडाल में सम्मिलित हुईं। उनके साथ संगीता कुशल साहू, पंच लीलाधर साहू उर्फ ननकीदाऊ सहित अन्य जनप्रतिनिधि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने व्यासपीठ पर विराजमान सुप्रसिद्ध कथावाचक आचार्य पंडित उर्वशीनन्द महाराज (गुड़ी वाले) का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर महाराज जी ने जनप्रतिनिधियों को लोक-कल्याण और क्षेत्र के विकास के लिए मंगल आशीर्वाद दिया। वहीं, सरपंच एवं उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने गांव व क्षेत्र की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

कलयुग में भक्ति ही दुखों से तारने वाली

इससे पूर्व कार्यक्रम के मुख्य आयोजक श्रीमती सुरुज फिरतराम साहू एवं साहू परिवार द्वारा पावन ग्रंथ और व्यासपीठ की महाआरती उतारकर चौथे दिन के प्रसंगों का शुभारंभ किया गया। व्यासपीठ से कथा का रसपान कराते हुए पंडित उर्वशीनन्द महाराज ने माता भगवती के दिव्य स्वरूपों और उनके लोक-कल्याणकारी चरित्रों का संगीतमय वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भागदौड़ भरे कलयुग में मां भगवती की निष्काम भक्ति ही समस्त कष्टों और दुखों से मुक्ति दिलाने का एकमात्र साधन है। कथा के दौरान महाराज जी द्वारा प्रस्तुत किए गए सुमधुर भजनों पर श्रद्धालु भक्तिभाव से झूमते नजर आए।

आकर्षक झांकी बनी आकर्षण का केंद्र

कथा प्रसंग के दौरान विशेष रूप से तैयार की गई जीवंत एवं मनोहारी झांकी का प्रदर्शन किया गया, जो उपस्थित श्रद्धालुओं के विशेष आकर्षण का केंद्र रही। कथा के विश्राम अवसर पर महाआरती संपन्न हुई और सभी भक्तों के बीच प्रसाद वितरण किया गया। इस विशाल धार्मिक आयोजन को व्यवस्थित और सफल बनाने में साहू परिवार सहित ग्राम पिसौद के समस्त नागरिक पूरे समर्पण के साथ जुटे हुए हैं।

Related Articles

Back to top button