Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपा

जांजगीर में आज मनेगा दशहरा: हाईस्कूल मैदान में रात 7:30 बजे होगा 35 फीट के रावण पुतले का दहन

शाम 6 बजे से एकता बालिका मानस परिवार की प्रस्तुति, शहर के चार प्रमुख मैदानों में सजेगा विजयादशमी का मंच

🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। जिला मुख्यालय जांजगीर में विजयादशमी का पावन पर्व आज मंगलवार, 20 अक्टूबर को पूरी आस्था और परंपरा के साथ मनाया जाएगा। मुख्य आयोजन ऐतिहासिक हाईस्कूल मैदान में होगा, जहां रात 7:30 बजे 35 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। नगर पालिका परिषद द्वारा आयोजित इस मुख्य कार्यक्रम में रावण दहन के दौरान होने वाली भव्य आतिशबाजी दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। पुतला दहन से पहले शाम 6 बजे से राजनांदगांव की 6 सगी बहनों के प्रसिद्ध ग्रुप ‘एकता बालिका मानस परिवार’ द्वारा संगीतमय मानस गायन की प्रस्तुति दी जाएगी।

बरमबावा मंदिर से निकलेगी श्रीराम की झांकी, कचहरी चौक होते पहुंचेगी मैदान

दशहरा उत्सव के अवसर पर शाम को पुरानी बस्ती स्थित प्राचीन बरमबावा मंदिर से भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और पवनपुत्र हनुमान जी की मनोहारी झांकी रथ पर सवार होकर निकलेगी। आकर्षक वेशभूषा में सजे इन स्वरूपों की रास्ते भर श्रद्धालु पूजा-अर्चना करेंगे। यह शोभायात्रा कचहरी चौक होते हुए हाईस्कूल मैदान पहुंचेगी, जहां आयोजन समिति द्वारा विधिवत पूजन के बाद राम-रावण का औपचारिक युद्ध होगा और प्रभु श्रीराम के हाथों रावण का वध संपन्न होगा।

दशकों पुरानी परंपरा, समय के साथ बदलता गया आयोजन स्थल

जांजगीर नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल ने बताया कि शहर में रावण दहन की परंपरा दशकों पुरानी है, हालांकि समय के साथ इसके स्थान बदलते रहे हैं। पहले यह आयोजन वर्तमान सरदार पटेल उद्यान के पीछे ब्लॉक कॉलोनी में होता था, जिसके बाद वर्षों तक वार्ड क्रमांक 15 (वर्तमान आरईएस कार्यालय के पास) में रावण जलाया जाता रहा। पिछले कई दशकों से हाईस्कूल मैदान ही मुख्य दशहरा उत्सव का केंद्र बना हुआ है। मैदान में मनोरंजन, खान-पान के स्टॉल और व्यवस्थित पार्किंग के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

शहर के इन मैदानों में भी सजेगा दशहरा उत्सव

मुख्य मैदान के अलावा शहर के अन्य हिस्सों में भी विजयादशमी पर पुतला दहन की परंपरा निभाई जाएगी। राजपूत क्षत्रिय समाज द्वारा टीसीएल कॉलेज ग्राउंड में रात 9 बजे रावण दहन किया जाएगा, जिसके लिए शाम 7 बजे महाराणा प्रताप चौक से झांकी निकलेगी। इसके अलावा मेजर ध्यानचंद मैदान (भाटापारा) में भी रावण दहन होगा। वहीं, पिछले कुछ वर्षों से बंद रहा नैला का दशहरा उत्सव भी इस बार पुनः शुरू हो रहा है, जहां आज धूमधाम से रावण के पुतले का दहन किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button