क्राइमजाँजगीर -चाँपा

शराब के लिए रची थी मंदिर में चोरी की साजिश: पचरी सतनाम मंदिर का गुंबज कलश चुराने वाला आरोपी गिरफ्तार, कटनई प्रहरी जंगल से कलश बरामद

अकलतरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 81 साल पुराना ऐतिहासिक कलश बरामद कर आरोपी को भेजा जेल

जांजगीर चाम्पा। थाना अकलतरा क्षेत्र के ग्राम पचरी स्थित ऐतिहासिक सतनाम मंदिर से गुंबज कलश चोरी होने के संवेदनशील मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर कटनई प्रहरी जंगल में छिपाकर रखा गया प्राचीन कलश बरामद कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

आस्था का प्रमुख केंद्र है मंदिर

ग्राम पचरी स्थित सतनाम मंदिर भारत का पांचवां सतनाम तीर्थ स्थल माना जाता है, जो सतनाम समाज की गहरी आस्था का केंद्र है। मंदिर के गुंबज पर स्थापित यह कलश लगभग वर्ष 1945 में लगाया गया था। 17 और 18 अक्टूबर की दरमियानी रात अज्ञात चोर द्वारा इसे पार कर दिया गया था। ऐतिहासिक व धार्मिक महत्व के इस कलश की चोरी से क्षेत्र के श्रद्धालुओं और समाज में भारी रोष व्याप्त था।

शराब की लत में रची चोरी की साजिश

गांव में सीसीटीवी कैमरे न होने के कारण पुलिस ने स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। संदेह के आधार पर पचरी निवासी 28 वर्षीय युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि वह शराब पीने का आदी है। शराब के लिए रुपयों का इंतजाम न होने पर उसने तालाब किनारे स्थित मंदिरों से कलश चुराने की योजना बनाई थी। शिव मंदिर का कलश अधिक ऊंचाई पर होने के कारण उसने कम ऊंचाई वाले गुरु घासीदास बाबा जी के मंदिर के गुंबज पर चढ़कर कलश निकाल लिया।

जंगल में छिपाया था कलश

रात अधिक हो जाने के कारण आरोपी कलश को बेच नहीं सका और पकड़े जाने के डर से घर भी नहीं ले गया। उसने कलश को कटनई प्रहरी के जंगल में ले जाकर छिपा दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर जंगल से चोरी गया कलश विधिवत बरामद कर लिया। आरोपी के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button