जाँजगीर -चाँपा

नारी शक्ति का सम्मान: स्त्रियों की सामाजिक प्रतिष्ठा सुनिश्चित करना पुरुषों की जिम्मेदारी – प्रधान जिला न्यायाधीश शक्ति सिंह राजपूत


जांजगीर-चांपा। राष्ट्रीय एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर द्वारा एडीआर भवन में ‘जागरूकता शिविर एवं सम्मान समारोह’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नारी शक्ति के संघर्ष, उनकी उपलब्धियों और समाज में उनकी अपरिहार्य भूमिका पर विस्तृत चर्चा की गई। मुख्य अतिथि एवं प्रधान जिला न्यायाधीश शक्ति सिंह राजपूत ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि महिलाएं समाज में शक्ति और समृद्धि की प्रतीक हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि: स्त्रियों की सामाजिक प्रतिष्ठा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी पुरुषों की है। हमें महिलाओं को कमजोर करने के बजाय उन्हें आगे बढ़ाने की दिशा में निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने महिलाओं के संवैधानिक अधिकारों और वंचित महिलाओं के लिए उपलब्ध ‘निःशुल्क विधिक सहायता’ के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी।


स्त्री और पुरुष: जीवन रूपी गाड़ी के दो पहिए
द्वितीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश (शक्ति) लीना अग्रवाल ने महिलाओं के अद्वितीय योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि: स्त्री और पुरुष जीवन की गाड़ी के दो पहिए हैं, जिनके बिना जीवन का संतुलन संभव नहीं है। आज महिलाएं अपने अधिकारों के लिए लड़ना सीख गई हैं, लेकिन यदि कहीं भी कोई महिला संघर्ष कर रही है, तो हमारा कर्तव्य है कि हम उसे जागरूक करें और उसका समर्थन करें।


उत्कृष्ट कार्य करने वाली नारी शक्ति का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान न्यायिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला न्यायाधीशों, अधिकारियों और न्यायिक कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ईश्वरी अनंत और सहोदरा जांगड़े ने भी समाज एवं देश के विकास में महिलाओं के योगदान पर प्रकाश डाला।
समारोह में प्रधान न्यायाधीश (कुटुंब न्यायालय) सुश्री संघरत्ना भतपहरी, कुमारी सुनीता साहू (विशेष न्यायाधीश एट्रोसिटी), और जिले के समस्त माननीय न्यायाधीशगण, न्यायिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन सचिव मनोज कुमार कुशवाहा द्वारा किया गया और आभार प्रदर्शन न्यायिक मजिस्ट्रेट अंजू कंवर ने किया।

Related Articles

Back to top button