Chhattisgarh

शिवरीनारायण पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बिना अनुमति प्रार्थना सभा करने वालों पर कसा शिकंजा, 4 पुरुष और 2 महिलाएं गिरफ्तार


जांजगीर चाम्पा। थाना शिवरीनारायण क्षेत्र के ग्राम खरौद में बिना अनुमति प्रार्थना सभा आयोजित करने और शांति व्यवस्था भंग करने के मामले में पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार किया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 6 लोगों को गिरफ्तार कर तहसील न्यायालय में पेश किया है।


क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, रविवार 15 मार्च को ग्राम खरौद के तिवारीपारा में रमाशंकर साहू के निवास पर बिना किसी प्रशासनिक अनुमति के प्रार्थना सभा का आयोजन किया जा रहा था। जब मोहल्ले के निवासियों को इसकी जानकारी हुई, तो उन्होंने इसका विरोध किया। इस दौरान सभा में मौजूद कुछ लोग मोहल्लेवासियों से उलझ गए और हंगामा शुरू कर दिया।


समझाया पर नहीं माने, माहौल हुआ तनावपूर्ण
हंगामे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने उपस्थित लोगों को कई बार शांति बनाए रखने की समझाइश दी, लेकिन आरोपी अत्यधिक उत्तेजित होकर चिल्लाने लगे, जिससे गांव में भय का माहौल निर्मित हो गया। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तत्काल प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।


इनकी हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने नए कानून भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 एवं 135(3) के अंतर्गत निम्नलिखित आरोपियों को गिरफ्तार किया है: येनिवेश साहू (21 वर्ष) निवासी खरौद किशन यादव (23 वर्ष) निवासी खरौद रमाशंकर साहू (47 वर्ष) निवासी खरौद मोतीलाल रात्रे (35 वर्ष) निवासी सेमरिया (थाना बिर्रा) दो महिलाएं भी इस कार्रवाई में शामिल हैं।


पुलिस टीम का योगदान
इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव के साथ प्रधान आरक्षक तारिकेश पाण्डेय, नितिन द्विवेदी, प्रवीण साहू, महिला आरक्षक सरोजनी कटकवार और सरिता लहरे की मुख्य भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Back to top button