युवाओं के लिए डिजिटल मौका: वीडियो चैलेंज, क्विज और लोगों डिजाइन प्रतियोगिता शुरू

माय भारत पोर्टल के जरिए आयोजित होगा ‘विकसित भारत जी राम जी युवा डिजिटल अभियान’, 20 मार्च तक कर सकेंगे भागीदारी
जांजगीर-चांपा, 16 मार्च 2026। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा देशभर के युवाओं को ग्रामीण विकास और आजीविका से जोड़ने के उद्देश्य से ‘विकसित भारत जी राम जी युवा डिजिटल अभियान’ शुरू किया गया है। यह अभियान माय भारत पोर्टल के माध्यम से संचालित किया जा रहा है, जिसमें युवा वीडियो चैलेंज, क्विज और रचनात्मक प्रतियोगिताओं में भाग ले सकते हैं। इस अभियान में भाग लेने की अंतिम तिथि 20 मार्च 2026 निर्धारित की गई है।
वीडियो चैलेंज में बना सकते हैं शॉर्ट रील
अभियान के तहत ‘माय विलेज चैलेंज’ के नाम से राष्ट्रीय स्तर पर शॉर्ट वीडियो या रील प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसमें प्रतिभागी 30 से 60 सेकंड का वीडियो किसी भी भारतीय भाषा में बनाकर माय भारत पोर्टल के माध्यम से अपलोड कर सकते हैं। वीडियो का अधिकतम साइज 25 एमबी निर्धारित किया गया है। इस प्रतियोगिता में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकते हैं।
क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित
माय भारत पोर्टल पर ‘विकसित भारत जी राम जी अधिनियम’ से संबंधित क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है। इसमें प्रतिभागियों को निर्धारित समय में 20 प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को ऑनलाइन प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।
लोगो डिजाइन प्रतियोगिता में मिलेगा पुरस्कार
इसके अलावा माय जीओव्ही पोर्टल पर ‘विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) एक्ट 2025’ के लिए लोगो डिजाइन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई है। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य ऐसा लोगो तैयार करना है, जो ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन और समावेशी प्रगति का संदेश प्रभावी ढंग से दर्शा सके।
विजेता को मिलेगा 50 हजार रुपये का पुरस्कार
प्रतियोगिता में चयनित सर्वश्रेष्ठ लोगो को आधिकारिक लोगो के रूप में अपनाया जाएगा और भविष्य में इसके प्रचार-प्रसार में उपयोग किया जाएगा। सर्वश्रेष्ठ लोगो डिजाइन करने वाले विजेता को केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा 50 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
जिला प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि वे इस डिजिटल अभियान में भाग लेकर अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का प्रदर्शन करें।



