जांजगीर-चांपा की तीन पंचायतों ने बढ़ाया मान: दिल्ली के भारत मंडपम में होंगी सम्मानित
जांजगीर-चांपा: जिले के लिए यह गौरव का क्षण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए “सुपोषित ग्राम पंचायत अभियान” के तहत जांजगीर-चांपा जिले की तीन ग्राम पंचायतों का चयन राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कार के लिए किया गया है। कुपोषण मुक्त भारत की दिशा में बेहतर कार्य करने वाली इन पंचायतों को आगामी 2 अप्रैल 2026 को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में सम्मानित किया जाएगा।
इन पंचायतों का हुआ चयन
जिले से जिन पंचायतों ने इस गौरवशाली सूची में जगह बनाई है, वे इस प्रकार हैं: परियोजना बम्हनीडीह के अंतर्गत: ग्राम पंचायत हथनेवरा, परियोजना बम्हनीडीह के अंतर्गत: ग्राम पंचायत सोनादह, परियोजना जांजगीर के अंतर्गत: ग्राम पंचायत दर्री
प्रोत्साहन राशि और सम्मान
महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि पोषण ट्रैकर ऐप में दर्ज आंकड़ों के आधार पर पूरे देश से 900 सर्वश्रेष्ठ पंचायतों और 100 वार्डों का चयन किया गया है। चयनित प्रत्येक पंचायत को 1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। सम्मान समारोह में संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच और एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।
कुपोषण के खिलाफ जमीनी जंग
आपको बता दें कि यह अभियान 26 दिसंबर 2024 को प्रधानमंत्री मोदी द्वारा शुरू किया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य पंचायतों को कुपोषण के खिलाफ सक्रिय करना और स्वास्थ्य सुधार के लक्ष्यों को जमीनी स्तर पर हासिल करना है। जांजगीर-चांपा की इन तीन पंचायतों ने पोषण और स्वास्थ्य मानकों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम पूरे देश में रोशन किया है।



