पान दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाला ‘बाल चोर’ गिरफ़्तार, चंद घंटों में हुआ खुलासा

‘मुन्ना पान ठेला’ में हुई थी ₹27 हजार की चोरी; पुलिस ने बरामद किया सामान
जांजगीर-चाँपा। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में चोरी की एक वारदात का पुलिस ने महज़ कुछ ही घंटों में पर्दाफाश कर दिया है। राजीव गांधी चौक के पास स्थित एक पान दुकान का ताला तोड़कर सामान और नकदी पार करने वाले एक विधि से संघर्षरत बालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
क्या है पूरा मामला?
बलौदा निवासी अशोक कुमार तंबोली, जो राजीव गांधी चौक के पास “मुन्ना पान ठेला” संचालित करते हैं, उन्होंने पुलिस को सूचना दी कि 21 मार्च की रात वे अपनी दुकान बंद कर घर गए थे। अगले दिन सुबह जब वे दुकान पहुंचे, तो वहां का नज़ारा देख दंग रह गए। दुकान का दरवाजा टूटा हुआ था और अंदर रखा कीमती सामान बिखरा पड़ा था।
दुकान संचालक के अनुसार, चोरों ने गल्ले में रखे ₹2000 नकद समेत भारी मात्रा में राजश्री, विमल गुटखा, पान पराग और सिगरेट के पैकेट चोरी कर लिए थे। चोरी गए कुल मशरूका की कीमत लगभग ₹27,000 बताई गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। मुखबिरों से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने एक संदेही (विधि से संघर्षरत अपचारी बालक) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी की बात स्वीकार कर ली।
सामान और औजार बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से:घटना में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड।चोरी किया गया गुटखा और सिगरेट का कुछ सामान।
₹400 नकद बरामद किए हैं। बलौदा पुलिस ने अपचारी बालक के विरुद्ध वैधानिक धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे किशोर न्यायालय में पेश किया है। इस मामले में संलिप्त दूसरे आरोपी की तलाश और विवेचना जारी है।




