जांजगीर: हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले दो युवक गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस ने भेजा जेल

जांजगीर चाम्पा। शहर के व्यस्त इलाकों में धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले दो असामाजिक तत्वों को कोतवाली पुलिस ने धर दबोचा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो नग घातक हथियार बरामद किए हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पॉल के निर्देश पर असामाजिक तत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई है।
शराब भट्टी के पास फैला रहे थे दहशत
पुलिस को सूचना मिली थी कि केरा रोड स्थित देशी शराब भट्टी के पास कुछ युवक हाथ में धारदार हथियार लेकर आने-जाने वाले राहगीरों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
- अभिषेक सोनवान (20 वर्ष): निवासी वार्ड क्रमांक 25, भाठापारा जांजगीर।
- गौरव किरण (19 वर्ष): निवासी ग्राम खोखरा (घनवा), जांजगीर।
आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाशी लेने पर उनके पास से धारदार हथियार बरामद किए। आरोपियों के विरुद्ध पृथक-पृथक आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, एएसआई अरुण कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक प्रकाश राठौर और आरक्षक नितेश विश्वकर्मा सहित कोतवाली टीम का विशेष योगदान रहा।




