Chhattisgarhरायगढ़

सरायपाली में चलती कार बनी आग का गोला, रायगढ़ में खड़ी बाइक जलकर खाक

महासमुंद/रायगढ़। छत्तीसगढ़ के दो अलग-अलग जिलों में गुरुवार को आगजनी की बड़ी घटनाएं सामने आईं। महासमुंद के सरायपाली में जहाँ एक चलती कार धू-धू कर जल उठी, वहीं रायगढ़ में खड़ी बाइक अचानक आग की चपेट में आ गई। गनीमत रही कि दोनों घटनाओं में समय रहते लोग सुरक्षित निकल गए।
सरायपाली: चालक ने कूदकर बचाई जान
सरायपाली के पदमपुर रोड स्थित गुरु नानक चौक के पास उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक चलती कार अचानक आग की लपटों से घिर गई। कार चालक खेम लाल साहू (निवासी दुलारपाली) ने जैसे ही गाड़ी से धुआं निकलते देखा, उन्होंने तुरंत बाहर छलांग लगा दी। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई। सूचना पर पहुँची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह स्वाहा हो चुका था। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को कारण माना जा रहा है।
रायगढ़: कॉम्प्लेक्स के बाहर खड़ी बाइक खाक
दूसरी घटना रायगढ़ शहर की है, जहाँ कार्मेल स्कूल के पास आदित्य बिजनेस पार्क कॉम्प्लेक्स के सामने खड़ी एक बाइक में अचानक आग लग गई। चश्मदीदों के मुताबिक बाइक के इंजन से धुआं उठने के कुछ ही देर बाद लपटें तेज हो गईं। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। सतर्कता बरतते हुए पास खड़े अन्य वाहनों को तुरंत वहां से हटाया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। आशंका जताई जा रही है कि पेट्रोल लीकेज की वजह से यह घटना हुई।
पुलिस ने दोनों ही मामलों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button