सुशासन तिहार: जशपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सादगी; स्कूल परिसर में बच्चों संग खेला क्रिकेट, कलेक्टर को दिए खेल सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश

रायपुर 3 मई 2026 । सुशासन तिहार के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का एक बेहद मानवीय और स्नेहिल रूप जशपुर जिले के ग्राम भैंसामुड़ा में देखने को मिला। शासकीय प्राथमिक शाला चंदागढ़ के निरीक्षण के दौरान जब मुख्यमंत्री की नजर मैदान में खेल रहे बच्चों पर पड़ी, तो वे खुद को रोक नहीं पाए और प्रोटोकॉल दरकिनार कर सीधे बैट थामकर मैदान में उतर गए।
मैदान में बच्चों संग बिताए आत्मीय पल मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चों का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंच गया। श्री साय ने न केवल बच्चों के साथ क्रिकेट मैच खेला, बल्कि उनसे उनकी पढ़ाई और खेल में रुचि को लेकर भी आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों से उनकी दिनचर्या के बारे में पूछा और यह जानने की कोशिश की कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं की स्थिति क्या है।
खिलाड़ी प्रकाश ठाकुर से चर्चा: मैच के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय खिलाड़ी प्रकाश ठाकुर से भी बात की। उन्होंने खेल की बारीकियों और ग्रामीण स्तर पर उपलब्ध संसाधनों के बारे में जानकारी ली, ताकि भविष्य में यहाँ खेल अधोसंरचना को और बेहतर बनाया जा सके।

कलेक्टर को तत्काल निर्देश: बच्चों को मिलेगी स्पोर्ट्स किट
मुख्यमंत्री ने बच्चों के प्रति अपने स्नेह को केवल खेल तक सीमित नहीं रखा। मैदान में बच्चों के जोश को देखते हुए उन्होंने मौके पर ही कलेक्टर को निर्देशित किया कि स्कूल के सभी विद्यार्थियों के लिए आवश्यक क्रिकेट किट और स्पोर्ट्स ड्रेस तुरंत उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है।
सरपंच से जाना गांव के विकास का हाल
खेल के बाद मुख्यमंत्री श्री साय ने ग्राम पंचायत भैंसामुड़ा के सरपंच रोशन प्रताप सिंह से भी मुलाकात की। उन्होंने गांव में चल रहे विकास कार्यों, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि गांवों के समग्र विकास के लिए बुनियादी सुविधाओं के साथ-साथ शिक्षा और खेल के संतुलित विकास पर जोर दिया जाना चाहिए।




