जांजगीर: सोशल मीडिया में वायरल ऑडियो पर कलेक्टर सख्त, जांच के आदेश

जल संसाधन विभाग के अधिकारी और वाहन चालक की कथित बातचीत का मामला, अपर कलेक्टर को सौंपी गई जांच
जांजगीर-चांपा, 12 मई 2026। सोशल मीडिया में वायरल हो रहे एक कथित ऑडियो को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वायरल ऑडियो में जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता और विभाग में पदस्थ एक वाहन चालक के बीच बातचीत होने का दावा किया जा रहा है। ऑडियो में आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल की बात सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है।
कलेक्टर श्री महोबे ने मामले की जांच के लिए अपर कलेक्टर को निर्देशित करते हुए जल्द प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई के बाद मामले को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।




