घर में चोरी की नीयत से घुसा युवक गिरफ्तार, नवागढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई

आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
जांजगीर-चांपा। नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम अमोदा में देर रात एक घर में चोरी की नीयत से घुसे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वारदात के दौरान घर मालिक की नजर में आ गया था और भागते समय अपनी मोटरसाइकिल व दो मोबाइल फोन घटनास्थल पर ही छोड़ गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 28 मई 2026 की रात करीब 1:30 बजे की है। ग्राम हरदी निवासी शत्रुघ्न करियरे अपने घर के आंगन में सो रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति चोरी की नीयत से उनके घर पहुंचा और घर के बाहर तथा अंदर लगे जलते हुए बल्ब निकालकर फेंक दिए। इसके बाद वह घर के भीतर घुस गया।
आवाज सुनकर शत्रुघ्न करियरे जाग गए और आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी ने उन्हें धक्का देकर भागने की कोशिश की। हालांकि जल्दबाजी में वह अपनी मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन, गमछा और चप्पल मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से मिले सामान के आधार पर आरोपी की पहचान सुनील कश्यप (35 वर्ष) निवासी ग्राम हरदीहरी, थाना नवागढ़ के रूप में की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की नीयत से घर में घुसने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय एवं नवागढ़ थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




