ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों का भावभीना विदाई समारोह

जांजगीर चाम्पा। ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल, बनारी, जांजगीर में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के सम्मान में एक भव्य, सुसंस्कृत एवं भावनात्मक विदाई समारोह का आयोजन 2 फरवरी 2026 को विद्यालय परिसर में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम संस्था संचालक आलोक अग्रवाल, डॉ. गिरिराज गढ़ेवाल एवं प्राचार्या श्रीमती सोनाली सिंह के निर्देशन में आयोजित किया गया।
विदाई समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों को सम्मान देना एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक तिलक समारोह से हुआ, जिसमें कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों का स्वागत किया गया। इसके पश्चात टाइटल एवं बैज वितरण कर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, प्रतिभा और योगदान को विशेष पहचान दी गई। कार्यक्रम का मंच संचालन कक्षा 11वीं की छात्रा आराध्या शर्मा एवं प्रथमा पाण्डेय द्वारा प्रभावशाली ढंग से किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में हिमांशु राठौर द्वारा प्रस्तुत नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, वहीं सोनम पांडेय की भावनात्मक कविता ने माहौल को भावुक बना दिया।
कार्यक्रम के अगले चरण का संचालन सोनम पांडेय एवं श्रेया चौहान द्वारा किया गया। विद्यार्थियों के मनोरंजन हेतु विभिन्न खेल गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनमें ‘जोड़ी बनाओ’ एवं ‘बैलून बर्स्ट’ गेम प्रमुख रहे। खेलों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इसके पश्चात प्रियंका राठौर एवं डिंपल केवट ने मंच संचालन की जिम्मेदारी संभाली। कक्षा 12वीं के छात्र मीर बरेठ ने विदाई भाषण देते हुए विद्यालय से जुड़ी स्मृतियों और भविष्य की चुनौतियों पर अपने विचार साझा किए।
समारोह में विद्यालय प्राचार्या एवं संचालकों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें अनुशासन, परिश्रम और नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को आशीर्वाद प्रदान किया।
विशेष आकर्षण के रूप में सैश वितरण किया गया। मिस्टर एवं मिस फेयरवेल के लिए मीर बरेठ एवं सौम्या तिवारी, मिस्टर एवं मिस ऑलराउंडर के लिए त्रिषिका बजाज एवं अंश देवांगन तथा मिस्टर एवं मिस आइकोनिक के लिए सिमरन सिंह एवं प्रखर पाण्डेय का चयन किया गया। इसके बाद उपहार वितरण एवं केक कटिंग कार्यक्रम आयोजित हुआ।
कार्यक्रम के समापन पर सामूहिक भोज का आयोजन किया गया। पूरे आयोजन का सफल संचालन प्रथमा पाण्डेय एवं आराध्या शर्मा द्वारा किया गया। विदाई समारोह भावुक क्षणों के साथ संपन्न हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने विद्यालय का नाम रोशन करने का संकल्प लिया।





