जाँजगीर -चाँपाधर्म भक्ति

गायत्री शक्ति पीठ जांजगीर में 26 जून से पांच दिवसीय जीवन साधना शिविर

आत्मबोध, मंत्र जप, यज्ञ और संस्कार प्रशिक्षण के माध्यम से व्यक्तित्व निर्माण पर रहेगा विशेष फोकस

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा

अखिल विश्व गायत्री परिवार एवं गायत्री शक्ति पीठ जांजगीर-चांपा के संयुक्त तत्वावधान में 26 जून से 30 जून 2026 तक पांच दिवसीय जीवन साधना शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य वर्तमान समय में बढ़ रहे मानसिक तनाव, पारिवारिक चुनौतियों और आध्यात्मिक शून्यता के बीच व्यक्तित्व विकास, आत्मबोध एवं युग निर्माण के सूत्रों का प्रशिक्षण देना है।

साधना, स्वाध्याय और संस्कार पर रहेगा जोर

गायत्री शक्ति पीठ के प्रमुख अमित कुमार राठौर ने बताया कि शिविर में साधना, स्वाध्याय, सेवा एवं संस्कार के माध्यम से जीवन को उत्कृष्ट, संतुलित और सकारात्मक बनाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रतिभागियों को आत्मिक उन्नति के साथ सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक बनाने पर भी विशेष बल रहेगा।

शिविर में होंगे विविध प्रशिक्षण कार्यक्रम

अटल बिहारी चौक के समीप स्थित गायत्री शक्ति पीठ परिसर में आयोजित शिविर के दौरान आत्मबोध साधना, मंत्रजप एवं ध्यान, दैनिक गायत्री यज्ञ, कर्मकांड प्रशिक्षण, संगीत एवं नादयोग साधना, प्रज्ञोपनिषद कथा, शंका समाधान सत्र, सेवा-श्रमदान तथा सामूहिक जीवन अभ्यास जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

सुबह 4 बजे से रात 9 बजे तक चलेगा कार्यक्रम

शिविर की समय-सारिणी के अनुसार प्रतिदिन प्रातः 4 बजे जागरण एवं आरती से कार्यक्रम की शुरुआत होगी, जबकि रात्रि 9 बजे तत्वबोध साधना के साथ दिनभर की गतिविधियों का समापन होगा। प्रातःकालीन मौन साधना, यज्ञ प्रशिक्षण, संगीत प्रशिक्षण, सायंकालीन आरती और प्रज्ञा पुराण कथा शिविर के प्रमुख आकर्षण रहेंगे।

साधकों से समय पर पहुंचने की अपील

आयोजकों ने बताया कि शिविर प्रारंभ होने से एक दिन पूर्व सायंकाल अनुशासन गोष्ठी आयोजित की जाएगी। सभी साधकों एवं श्रद्धालुओं से समय पर पहुंचने तथा निर्धारित अनुशासन का पालन करने का आग्रह किया गया है।

संपर्क कर ले सकते हैं जानकारी

शिविर में भाग लेने के इच्छुक श्रद्धालु गायत्री शक्ति पीठ, अटल चौक, जांजगीर-चांपा में संपर्क कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए अमित कुमार राठौर, संजय राठौर, मुख्य ट्रस्टी जगदीश चंद्र साहू एवं जिला समन्वयक महेश्वर कश्यप से संपर्क किया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button