जाँजगीर -चाँपा

सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने यातायात पुलिस की सख्त कार्रवाई, 100 वाहन चालकों पर चला चालान

किलाबंदी चेकिंग अभियान के दौरान 2 शराबी चालक पकड़े गए, वाहन जब्त कर की गई कार्रवाई

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा

जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस जांजगीर द्वारा विशेष किलाबंदी चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 100 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में जिला मुख्यालय जांजगीर सहित विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग कर सघन वाहन जांच की गई।

यातायात नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई

चेकिंग अभियान के दौरान तेज रफ्तार वाहन चलाने, दोपहिया वाहनों में ट्रिपल सवारी करने, बिना हेलमेट वाहन चलाने तथा चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने वाले चालकों की जांच की गई। जांच के दौरान कुल 100 वाहन चालक यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए, जिनके खिलाफ मोटरयान अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के तहत चालानी कार्रवाई की गई।

शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर विशेष निगरानी

अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी विशेष कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस की जांच में दो वाहन चालक नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए। पुलिस ने दोनों वाहनों को मौके पर ही जब्त कर लिया तथा संबंधित चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की। दोनों मामलों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

सुरक्षित यातायात के लिए जागरूकता जरूरी

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

Related Articles

Back to top button