कृषि\किसान

खरौद में उर्वरक भंडारण में अनियमितता, विकास ट्रेडर्स का गोदाम सील

औचक निरीक्षण में स्टॉक और रिकॉर्ड में मिला अंतर, 213 बोरी उर्वरक जब्त कर की गई सीलबंद कार्रवाई

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा

खरीफ सीजन के दौरान किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद और बीज उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग लगातार निरीक्षण अभियान चला रहा है। इसी कड़ी में उप संचालक कृषि राकेश शर्मा के नेतृत्व में 17 जून 2026 को विकासखंड पामगढ़ अंतर्गत मेसर्स विकास ट्रेडर्स, खरौद के उर्वरक गोदाम एवं विक्रय प्रतिष्ठान का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि पॉस मशीन में दर्ज उर्वरकों की मात्रा और गोदाम में भौतिक रूप से उपलब्ध उर्वरकों का मिलान नहीं हो रहा था। इसके अलावा मूल्य सूची, लाइसेंस तथा निर्धारित मूल्य बोर्ड भी नियमानुसार प्रदर्शित नहीं पाए गए।

अनियमितता मिलने पर विभागीय टीम ने गोदाम में उपलब्ध कुल 213 बोरी उर्वरक जब्त कर सीलबंद कर दिया। जब्त उर्वरकों में सिंगल सुपर फॉस्फेट (दानेदार) 52 बोरी, सिंगल सुपर फॉस्फेट (पाउडर) 53 बोरी, ट्रिपल सुपर फॉस्फेट 9 बोरी, एनपीके (5:15:0:10) 78 बोरी तथा यूरिया 21 बोरी शामिल है।

राहौद में बीज विक्रय पर भी कार्रवाई

इसी दौरान विकासखंड पामगढ़ के मेसर्स गायत्री कृषि सेवा केंद्र, राहौद का भी निरीक्षण किया गया। जांच में बिना स्रोत प्रमाण पत्र के बीज विक्रय किए जाने का मामला सामने आया। इस पर विभाग ने 76.75 क्विंटल बीज के विक्रय पर प्रतिबंध लगाने की कार्रवाई की।

किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद-बीज उपलब्ध कराने पर जोर

उप संचालक कृषि राकेश शर्मा ने बताया कि खरीफ सीजन में किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद एवं बीज शासकीय दरों पर उपलब्ध कराने के लिए विभाग लगातार प्रयासरत है। जिले के सभी निजी कृषि केंद्रों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है और जहां भी अनियमितता पाई जा रही है, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button