स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष अभियान, 89 बसों की जांच; 10 चालकों पर कार्रवाई

यातायात पुलिस और परिवहन विभाग के संयुक्त शिविर में वाहनों की फिटनेस, सुरक्षा उपकरण और चालकों के स्वास्थ्य की हुई जांच
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा
स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा में यातायात पुलिस और परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से विशेष जांच अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार के नेतृत्व में पुलिस लाइन खोखरा भांठा में आयोजित शिविर में जिले के 89 स्कूल बसों एवं वैनों की फिटनेस, सुरक्षा मानकों और आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की गई। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 10 वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए 7 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला गया।
16 बिंदुओं पर परखी गई स्कूल वाहनों की सुरक्षा
संयुक्त जांच शिविर में सभी स्कूल वाहनों का पंजीयन कर 16 निर्धारित बिंदुओं पर भौतिक सत्यापन एवं तकनीकी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने वाहनों के पंजीयन प्रमाण पत्र, परमिट, बीमा, चालक लाइसेंस सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। इसके साथ ही सीट बेल्ट, स्पीड गवर्नर, जीपीएस, सीसीटीवी कैमरा, फर्स्ट एड बॉक्स तथा अन्य सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और कार्यक्षमता का भी परीक्षण किया गया, ताकि विद्यार्थियों की यात्रा पूरी तरह सुरक्षित रह सके।
नियमों की अनदेखी पर तत्काल कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान कई वाहनों में नियमों की अनदेखी सामने आई। इसके बाद मोटरयान अधिनियम के तहत 10 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई और जिला परिवहन विभाग द्वारा कुल 7 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला गया।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और भविष्य में भी ऐसे निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे।

चालकों और हेल्परों का स्वास्थ्य परीक्षण
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी वाहन चालकों एवं हेल्परों का स्वास्थ्य परीक्षण और नेत्र जांच की। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने चालकों की दृष्टि, स्वास्थ्य स्थिति और वाहन संचालन क्षमता का परीक्षण किया। प्रशासन का मानना है कि सुरक्षित परिवहन व्यवस्था के लिए वाहन की फिटनेस के साथ चालक का स्वस्थ और सतर्क होना भी उतना ही आवश्यक है।
सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी चालक निर्धारित गति सीमा, यातायात नियमों एवं सुरक्षा मानकों का पालन करें। उन्होंने यह भी कहा कि शराब सेवन कर वाहन चलाने और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ भविष्य में और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षित सफर के लिए प्रशासन की सतत पहल
शिविर में आरटीओ प्रदीप शर्मा, स्वास्थ्य विभाग की टीम, यातायात शाखा के अधिकारी तथा जिला परिवहन विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के नियमित अभियान स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।





