दुर्घटना संभावित मार्गों पर जांजगीर-चांपा पुलिस की बड़ी पहल, मुलमुला क्षेत्र में बढ़ाए गए सड़क सुरक्षा इंतजाम

बनाहिल से त्रिमूर्ति चौक तक स्पीड ब्रेकर, डेलिनेटर, हैजार्ड मार्कर और साइन बोर्ड लगाए गए, दुर्घटनाओं में कमी की उम्मीद
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस एवं लोक निर्माण विभाग (PWD) ने संयुक्त रूप से थाना मुलमुला क्षेत्र के दुर्घटना संभावित मार्गों पर व्यापक सड़क सुरक्षा कार्य कराए हैं। बनाहिल से त्रिमूर्ति चौक मुलमुला मार्ग तक विभिन्न सुरक्षा उपकरण स्थापित किए गए हैं, जिससे यातायात व्यवस्था अधिक सुरक्षित होने की उम्मीद है।
संयुक्त निरीक्षण के बाद शुरू हुई कार्रवाई
पूर्व में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) , एसडीएम अकलतरा सुमित बघेल, एसडीओ पीडब्ल्यूडी लव कुमार जायसवाल एवं थाना प्रभारी मुलमुला पारस पटेल द्वारा मार्ग का संयुक्त निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान सड़क पर पाई गई कमियों को चिन्हित कर संबंधित विभागों को आवश्यक सुधार कार्य के निर्देश दिए गए थे।
छह स्थानों पर बनाए गए स्पीड ब्रेकर
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए कुल छह स्थानों पर सात मीटर लंबाई के स्पीड ब्रेकर बनाए गए हैं। इनमें बनाहिल में दो, नरियारा में तीन और मुलमुला में एक स्थान शामिल है।
70 डेलिनेटर और 8 हैजार्ड मार्कर लगाए गए
अंधे मोड़ों और जोखिम वाले क्षेत्रों में वाहन चालकों को बेहतर मार्गदर्शन देने के लिए बनाहिल से त्रिमूर्ति चौक तक सड़क किनारे 70 डेलिनेटर लगाए गए हैं। वहीं पुलों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाने के उद्देश्य से आठ हैजार्ड मार्कर स्थापित किए गए हैं, जिससे रात्रि और खराब मौसम में वाहन चालकों को अतिरिक्त सहायता मिल सकेगी।
यातायात जागरूकता के लिए लगाए गए साइन बोर्ड
नरियारा क्षेत्र में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए आठ स्थानों पर चेतावनी एवं दिशा-निर्देश संबंधी साइन बोर्ड लगाए गए हैं। इन संकेतकों से वाहन चालकों को संभावित जोखिमों की पूर्व जानकारी मिल सकेगी।
दुर्घटनाओं में कमी लाने पर फोकस
पुलिस विभाग के अनुसार इस पहल का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, वाहन चालकों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करना तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को अधिक सुरक्षित बनाना है। स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
सुरक्षित यात्रा के लिए पुलिस की अपील
जांजगीर-चांपा पुलिस ने नागरिकों से वाहन चलाते समय गति सीमा का पालन करने, यातायात नियमों का सम्मान करने तथा सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने की अपील की है।





