वार्ड 19 को मिली नई सौगात: विधायक ब्यास कश्यप ने किया आंगनबाड़ी भवन निर्माण का भूमिपूजन

12.24 लाख रुपये की लागत से बनेगा आधुनिक आंगनबाड़ी भवन, बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुविधाएं मिलेंगी
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा
जांजगीर-नैला नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 19 में बच्चों और महिलाओं के लिए एक नई सौगात मिलने जा रही है। वार्ड के सिंचाई कॉलोनी के पीछे स्थित आर्य कॉलोनी के पास 12 लाख 24 हजार रुपये की लागत से बनने वाले आंगनबाड़ी भवन का भूमिपूजन जांजगीर-चांपा विधानसभा क्षेत्र के विधायक ब्यास कश्यप ने किया। भूमिपूजन कार्यक्रम में विधायक ब्यास कश्यप ने कहा कि नए आंगनबाड़ी भवन के निर्माण से क्षेत्र के बच्चों को बेहतर वातावरण में शिक्षा, खेलकूद और प्रारंभिक विकास की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया कि भवन में एक विशाल हॉल, बच्चों के लिए छोटा गार्डन, स्टोर रूम तथा शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
बच्चों के विकास को मिलेगी नई दिशा
विधायक ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों की शिक्षा और पोषण का महत्वपूर्ण आधार हैं। आधुनिक सुविधाओं से युक्त भवन बनने के बाद बच्चों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण मिलेगा, जिससे उनके सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिलेगा।
जनप्रतिनिधि और वार्डवासी रहे मौजूद
भूमिपूजन कार्यक्रम में वार्ड पार्षद देवराज सिंह चंदेल, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता गुलजार सिंह, नेता प्रतिपक्ष प्रिंश शर्मा, पटवारी संघ के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव, नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि देवा गढ़ेवाल, पार्षद जगदेश्वरी सूर्यवंशी, विष्णु यादव, विवेक सिंह, श्रीमती रक्षा धीरज सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
विकास कार्यों को मिल रही गति
क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में यह निर्माण कार्य एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी आंगनबाड़ी भवन निर्माण की पहल का स्वागत करते हुए इसे बच्चों और महिलाओं के हित में उपयोगी बताया।




