कृषि\किसानजाँजगीर -चाँपा

मार्कफेड MD जितेंद्र शुक्ला ने खरीफ तैयारियों की समीक्षा की, खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने दिए निर्देश

जांजगीर-चांपा में समीक्षा बैठक लेकर कृषि आदानों की उपलब्धता, भंडारण एवं वितरण व्यवस्था का लिया जायजा, कालाबाजारी रोकने के निर्देश।

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा

आगामी खरीफ सीजन की तैयारियों को लेकर मार्कफेड के प्रबंध संचालक जितेंद्र शुक्ला ने मंगलवार को जांजगीर-चांपा जिले में कृषि आदानों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा बैठक ली। बैठक में कलेक्टर जन्मेजय महोबे सहित कृषि, सहकारिता, खाद्य एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

खाद-बीज के स्टॉक और वितरण व्यवस्था की समीक्षा

बैठक के दौरान श्री शुक्ला ने अधिकारियों से उर्वरक एवं बीजों के उपलब्ध स्टॉक, भंडारण क्षमता तथा वितरण व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि खरीफ सीजन में किसानों को आवश्यकता के अनुरूप समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए, ताकि खेती-किसानी के कार्य प्रभावित न हों।

कालाबाजारी पर सख्ती बरतने के निर्देश

मार्कफेड एमडी ने उर्वरकों के वितरण पर सतत निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि खाद की कालाबाजारी अथवा निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बिक्री की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड स्तर पर नियमित निरीक्षण करने और वितरण प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाए रखने के निर्देश दिए।

आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने पर जोर

श्री शुक्ला ने अधिकारियों से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रति जागरूक करने को कहा। उन्होंने नैनो यूरिया, नैनो डीएपी तथा एसएसपी के उपयोग और उनके लाभों की जानकारी किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए, जिससे लागत में कमी और उत्पादन में वृद्धि हो सके।

किसानों को समय पर मिले कृषि आदान

बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि खरीफ सीजन के दौरान कृषि आदानों की उपलब्धता एवं वितरण में किसी प्रकार की बाधा न आए। अधिकारियों को किसानों की आवश्यकताओं के अनुरूप अग्रिम तैयारी सुनिश्चित करने तथा शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए।

Related Articles

Back to top button