नवागढ़ के सुकली-पचेड़ा में महाराणा प्रताप चौक का लोकार्पण, राजकुमार साहू बोले महाराणा प्रताप इतिहास में अमर हैं

जिला पंचायत की 15वें वित्त योजना से बने छतदार चबूतरे का उद्घाटन, बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
🔴 आज की बात न्यूज | नवागढ़
महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर नवागढ़ विकासखंड अंतर्गत सुकली-पचेड़ा चौक स्थित महाराणा प्रताप चौक में जिला पंचायत की 15वें वित्त योजना के तहत निर्मित छतदार चबूतरे का लोकार्पण जिला पंचायत सभापति राजकुमार साहू द्वारा किया गया। लगभग 3 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस जनसुविधा का उद्घाटन क्षेत्रवासियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ। लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सभापति राजकुमार साहू ने कहा कि महाराणा प्रताप भारतीय इतिहास के ऐसे महान योद्धा हैं, जिनका नाम वीरता, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण के लिए सदैव सम्मान के साथ लिया जाता रहेगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान के कुंभलगढ़ में जन्मे महाराणा प्रताप ने मुगल सम्राट अकबर की विशाल सेना के सामने कभी आत्मसमर्पण नहीं किया और जीवनभर स्वतंत्रता तथा स्वाभिमान की रक्षा के लिए संघर्ष करते रहे।
उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन आज भी युवाओं और समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति के आदर्शों को अपनाकर समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने उपस्थित लोगों से महान विभूतियों के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान भी किया। महाराणा प्रताप चौक में निर्मित छतदार चबूतरा जिला पंचायत की 15वें वित्त योजना के अंतर्गत तैयार किया गया है। इस निर्माण से स्थानीय लोगों को बैठने एवं सामाजिक गतिविधियों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
लोकार्पण कार्यक्रम में वेदु सिंह, विनय सिंह, रामेश्वर सिंह, बृजेश सिंह, मनीष सिंह, नमन सिंह, वैभव सिंह, सुखनंदन सिंह, सौमित्र सिंह, महावीर सिंह, हिमांशु सिंह, हंसराज सिंह, राकेश सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




