जांजगीर कोतवाली पुलिस की जुआ फड़ पर बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक: ‘गोरिल्ला वार’ तकनीक से घेराबंदी कर 9 जुआरी गिरफ्तार, ₹4.28 लाख नगद जब्त

ग्राम बनारी के एक मकान में चल रहा था हाई-प्रोफाइल जुआ फड़; पुलिस और रिस्पांस टीम की संयुक्त कार्रवाई, मकान मालिक पर भी शिकंजा कसने की तैयारी
🔴 आज की बात News |जांजगीर-चांपा। जिले में जुआ, सट्टा और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी व प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कोतवाली पुलिस और रिस्पांस टीम ने संयुक्त रूप से ‘गोरिल्ला वार’ तकनीक की तर्ज पर गुप्त घेराबंदी कर ग्राम बनारी के एक मकान में चल रहे बड़े जुआ फड़ पर ताबड़तोड़ छापा मारा। पुलिस ने मौके से 9 जुआरियों को रंगे हाथों दबोचते हुए उनके पास से 4 लाख 28 हजार 420 रुपये नगद, ताश की पत्तियां और अन्य सामग्री बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) के कड़े निर्देशों के तहत जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूलैंडन यॉर्क एवं नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) योगिताबाली खापर्डे के कुशल मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि ग्राम बनारी मेन रोड के अंदर स्थित एक मकान में कई लोग लाखों रुपये का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि होते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर त्वरित कार्रवाई की रूपरेखा तैयार की गई।
गोरिल्ला वार तकनीक से घेराबंदी, भागने का नहीं मिला मौका
कोतवाली पुलिस और रिस्पांस टीम के जवानों ने योजनाबद्ध तरीके से मकान को चारों तरफ से घेर लिया। अचानक हुई इस सर्जिकल स्ट्राइक से फड़ में बैठे जुआरियों में हड़कंप मच गया और किसी को भागने का मौका तक नहीं मिला। पुलिस ने मौके से 9 आरोपियों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान जुआरियों के फड़ और कब्जे से कुल ₹4,28,420 नगद राशि व ताशपत्ती जब्त की गई। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
मकान मालिक पर भी होगी पृथक कार्रवाई
पुलिस टीम ने स्पष्ट किया है कि जिस मकान में यह अवैध जुआ फड़ संचालित किया जा रहा था, उसके मकान मालिक की भूमिका की भी सघन जांच की जा रही है। जुआरियों को पनाह देने और अवैध गतिविधि के लिए परिसर उपलब्ध कराने के संबंध में मकान मालिक के विरुद्ध पृथक से वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
- भैरव मिश्रा उर्फ मोगली पिता रामधन मिश्रा (उम्र 44 वर्ष), निवासी बी. महंत उपनगर, वार्ड नंबर 6, जांजगीर
- अखिलेश राठौर पिता रामकुमार राठौर (उम्र 36 वर्ष), निवासी पुरानी बस्ती, वार्ड नंबर 2, जांजगीर
- रामनारायण राठौर पिता छोटेलाल राठौर (उम्र 55 वर्ष), निवासी भगत चौक, वार्ड नंबर 11, जांजगीर
- धीरज पाठक पिता प्रदीप पाठक (उम्र 42 वर्ष), निवासी न्यू चंदनियापारा, वार्ड नंबर 16, जांजगीर
- राहुल बजाज पिता ठाकुर दास बजाज (उम्र 37 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 23, केरा रोड, जांजगीर
- तालिब खान पिता अब्दुल बारी (उम्र 40 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 4, नैला
- अविनाश राठौर पिता रामकुमार राठौर (उम्र 39 वर्ष), निवासी पुरानी बस्ती, वार्ड नंबर 12, जांजगीर
- मुकेश बजाज पिता साजन बजाज (उम्र 45 वर्ष), निवासी केरा रोड, जांजगीर
- कृष्ण कुमार चंद्रा पिता जीवन लाल चंद्रा (उम्र 38 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 7, न्यू चंदनियापारा, जांजगीर
कोतवाली पुलिस ने चेतावनी दी है कि आमजन की सुरक्षा, शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए जुआ-सट्टा व अवैध कारोबारियों के खिलाफ इस तरह का धरपकड़ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




