पामगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई: युवती से छेड़छाड़ व पीछा करने वाला आरोपी ग्राम झिलमिली से गिरफ्तार, भेजा गया रिमांड पर

महिला सुरक्षा पर एसपी के सख्त निर्देश; BNS की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को भेजा गया जेल
🔴 आज की बात News | जांजगीर चाम्पा। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत युवती का पीछा कर अश्लील फब्तियां कसने और छेड़छाड़ करने वाले मनचले को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। प्रार्थिया ने 20 सितंबर को पामगढ़ थाने में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी द्वारा लगातार उसका पीछा किया जा रहा था। रास्ते में आते-जाते समय आरोपी ने अश्लील टिप्पणियां करते हुए बेइज्जती करने की नीयत से उसके साथ छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया।
BNS की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज
पीड़िता की रिपोर्ट पर पामगढ़ पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी धीरेंद्र खांडेकर के विरुद्ध अपराध क्रमांक 398/26 पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 75(2), 78 एवं 79 के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
झिलमिली में दबिश देकर आरोपी को दबोचा
महिला संबंधी अपराध की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी शिवरीनारायण तोमेश वर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर की सटीक सूचना पर थाना पामगढ़ पुलिस ने त्वरित दबिश देकर ग्राम झिलमिली (थाना मुलमुला) से 21 वर्षीय आरोपी धीरेंद्र खांडेकर को घेराबंदी कर हिरासत में लिया।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
हिरासत में लेकर की गई पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध घटित करना पाए जाने पर पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस पूरी त्वरित कार्रवाई में पामगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी, सउनि प्रमोद महार, आरक्षक भुनेश्वर पटेल, महिला आरक्षक जयंती लहरे सहित थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।



