Chhattisgarh

सेवा सेतु पोर्टल बना ग्रामीणों का सहारा, घर बैठे मिला जाति प्रमाण पत्र, रोजगार के खुले नए अवसर

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की डिजिटल सुशासन पहल से समय और धन की बचत, शासन पर बढ़ा लोगों का भरोसा

🔴 Aaj Ki Baat News | रायपुर

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में डिजिटल सुशासन को नई गति मिल रही है। प्रदेश सरकार की तकनीक आधारित पहल सेवा सेतु पोर्टल आम नागरिकों के लिए शासकीय सेवाओं तक आसान और पारदर्शी पहुंच का माध्यम बनता जा रहा है। पोर्टल के जरिए लोग घर बैठे विभिन्न प्रमाण पत्रों और सेवाओं के लिए आवेदन कर समय और धन दोनों की बचत कर रहे हैं।

पुसौर के अजय प्रधान की समस्या का हुआ समाधान

रायगढ़ जिले की पुसौर तहसील के ग्राम भाठनपाली निवासी अजय कुमार प्रधान लंबे समय से स्थायी जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए प्रयासरत थे। इसके लिए उन्हें कई बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय और आर्थिक संसाधनों की हानि हो रही थी। आवश्यक दस्तावेज समय पर नहीं मिलने के कारण वे कई रोजगार अवसरों से भी वंचित रह जाते थे।

ऑनलाइन आवेदन से मिली बड़ी राहत

सेवा सेतु पोर्टल की जानकारी मिलने के बाद अजय कुमार प्रधान ने ऑनलाइन आवेदन किया। आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने के बाद निर्धारित समय-सीमा में उनका आवेदन स्वीकृत हुआ और उन्हें स्थायी जाति प्रमाण पत्र प्राप्त हो गया। इससे उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो गया और रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध हुए।

रोजगार के लिए बढ़ा आत्मविश्वास

प्रमाण पत्र मिलने के बाद अजय कुमार प्रधान ने रोजगार सहायक पद के लिए आवेदन किया। अब वे अपने गांव के अन्य लोगों को भी जाति, आय, निवास सहित विभिन्न शासकीय सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उनका कहना है कि पोर्टल ने सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर खत्म कर दिए हैं और पूरी प्रक्रिया को सरल व पारदर्शी बना दिया है।

डिजिटल तकनीक से मजबूत हो रहा सुशासन

प्रदेश सरकार डिजिटल माध्यमों के जरिए शासकीय सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सेवा सेतु पोर्टल इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बनकर उभरा है, जिसने प्रशासन को अधिक जवाबदेह, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने में अहम भूमिका निभाई है।

विश्वास और सशक्तिकरण का माध्यम बना पोर्टल

सेवा सेतु पोर्टल केवल ऑनलाइन आवेदन का मंच नहीं रह गया है, बल्कि यह लाखों नागरिकों के लिए सुविधा, विश्वास और सशक्तिकरण का माध्यम बन चुका है। अजय कुमार प्रधान की सफलता की कहानी इस बात का उदाहरण है कि डिजिटल सेवाएं ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।

Related Articles

Back to top button