कृषि\किसानजाँजगीर -चाँपा

नैला के राजेश खाद भंडार पर बड़ी कार्रवाई, 1013 बोरी उर्वरक के विक्रय पर लगा प्रतिबंध

कृषि विभाग की संयुक्त टीम के औचक निरीक्षण में स्टॉक और दस्तावेजों में अनियमितताएं मिलने पर 1013 बोरी उर्वरक सील कर विक्रय पर रोक लगाई गई।

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा

जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ विकासखंड स्थित मेसर्स राजेश खाद भंडार, नैला पर कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। उप संचालक कृषि राकेश शर्मा के नेतृत्व में शनिवार को विकासखंड स्तरीय संयुक्त निरीक्षण दल ने खाद विक्रय प्रतिष्ठान और गोदाम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं पाए जाने पर 1013 बोरी उर्वरकों के विक्रय पर तत्काल प्रतिबंध लगाते हुए उन्हें सील कर दिया गया। कृषि विभाग के अनुसार निरीक्षण के दौरान पॉस मशीन में दर्ज स्टॉक और गोदाम में उपलब्ध वास्तविक उर्वरकों का मिलान नहीं मिला। इसके अलावा प्रतिष्ठान में निर्धारित स्थान पर मूल्य सूची, लाइसेंस, मूल्य बोर्ड, सत्यापित स्टॉक रजिस्टर तथा उर्वरक विक्रय के लिए सत्यापित बिल बुक भी उपलब्ध नहीं पाई गई।

1013 बोरी उर्वरक किए गए सील

अनियमितताओं के आधार पर गोदाम में रखे 250 बोरी सिंगल सुपर फॉस्फेट (दानेदार), 600 बोरी सिंगल सुपर फॉस्फेट (पाउडर), 26 बोरी ट्रिपल सुपर फॉस्फेट, 120 बोरी एनपीके तथा 17 बोरी यूरिया सहित कुल 1013 बोरी उर्वरकों को सील करते हुए उनके विक्रय पर प्रतिबंध लगा दिया गया।

नियमों के पालन पर विभाग की सख्ती

कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने और वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिलेभर में खाद विक्रेताओं का निरीक्षण लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button